चेन्नई/नई दिल्ली: तमिलनाडु की राजनीति में आए ‘भूकंप’ ने अब कांग्रेस के भीतर ही विद्रोह की आग सुलग दी है। अभिनेता विजय की पार्टी ‘तमिलगा वेत्री कड़गम’ (TVK) को समर्थन देने के कांग्रेस के फैसले को पार्टी के ही दिग्गज नेता मणिशंकर अय्यर ने ‘भयानक और घटिया अवसरवादिता’ करार दिया है। अय्यर ने चेतावनी दी है कि यह फैसला कांग्रेस के लिए ‘सेल्फ गोल’ साबित होगा, जो भाजपा को राज्य में पिछले दरवाजे से घुसने का मौका दे सकता है।
मणिशंकर अय्यर का अपनी ही पार्टी पर तीखा हमला
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मणिशंकर अय्यर ने न्यूज़ एजेंसी पीटीआई (PTI) से बातचीत में नेतृत्व के फैसले पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा, “यह फैसला घटिया राजनीतिक अवसरवादिता की पराकाष्ठा है। मैं कल्पना भी नहीं कर सकता कि कांग्रेस के संस्थापक ऐसी सुविधावादी राजनीति को अपना आशीर्वाद देंगे।”
अय्यर ने तर्क दिया कि जिन 23 सीटों पर कांग्रेस हारी और 5 पर जीती, उन सभी पर मुख्य मुकाबला टीवीके (TVK) के साथ ही था। ऐसे में चुनाव के तुरंत बाद धुर विरोधी से हाथ मिलाना और पुराने सहयोगी DMK का साथ छोड़ना एक ‘भयानक’ भूल है।
‘INDIA’ गठबंधन में रार: अखिलेश ने घेरा
सिर्फ पार्टी के भीतर ही नहीं, बल्कि ‘INDIA’ गठबंधन के सहयोगी भी कांग्रेस के इस कदम से बिफरे हुए हैं। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने स्टालिन के साथ खड़े होकर कांग्रेस को आईना दिखाया। अखिलेश ने बिना नाम लिए तंज कसा कि “हम वो नहीं जो मुश्किल वक्त में साथ छोड़ दें।” उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि क्षेत्रीय दल एक-दूसरे के प्रति अधिक वफादार हैं, जबकि कांग्रेस सत्ता के लालच में पुराने रिश्तों की बलि चढ़ा रही है।
AIADMK की ‘घेराबंदी’ और रिसॉर्ट पॉलिटिक्स
तमिलनाडु में सरकार बनाने की रस्साकशी के बीच ‘रिसॉर्ट पॉलिटिक्स’ की वापसी हो गई है। AIADMK के विधायकों को पुडुचेरी के पूरनकुप्पम स्थित एक निजी रिसॉर्ट में शिफ्ट कर दिया गया है। पार्टी महासचिव एडप्पादी के. पलानीस्वामी (EPS) ने विधायकों के साथ बैठक कर उन्हें एकजुट रहने का निर्देश दिया है।
सूत्रों का कहना है कि टीवीके (TVK) के वरिष्ठ पदाधिकारी परदे के पीछे से AIADMK के नेताओं से संपर्क साध रहे हैं ताकि बहुमत के जादुई आंकड़े (118) तक पहुँचा जा सके। पलानीस्वामी ने विधायकों से कहा है कि “धैर्य रखें, कुछ अच्छा होने वाला है,” जिसने राज्य की राजनीति में सस्पेंस और बढ़ा दिया है।
वर्तमान राजनीतिक समीकरण:
-
TVK (विजय): 108 सीटें
-
कांग्रेस: 5 सीटें (समर्थन का ऐलान)
-
कुल: 113 (बहुमत के लिए 5 और चाहिए)
-
DMK: 59 सीटें
-
AIADMK: 47 सीटें
अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या विजय AIADMK या अन्य छोटे दलों का समर्थन हासिल कर पाते हैं, या फिर तमिलनाडु की सत्ता का ऊंट किसी और करवट बैठता है।
The News 11 – ताज़ा हिंदी समाचार, ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया