खेल डेस्क: भारत और इंग्लैंड के बीच जारी रोमांचक टी20 इंटरनेशनल सीरीज के बीच स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन को लेकर एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। सैमसन ने आगामी घरेलू टूर्नामेंट केरल क्रिकेट लीग (KCL 2026) के तीसरे सीजन से अपना नाम वापस ले लिया है। निजी कारणों का हवाला देते हुए उन्होंने यह बड़ा कदम उठाया है, जिसने उनके फैंस और क्रिकेट गलियारों में हलचल पैदा कर दी है।
कोच्चि ब्लू टाइगर्स और ऑक्शन लिस्ट से बाहर
हाल ही में जब कोच्चि ब्लू टाइगर्स ने अपनी रिटेंशन लिस्ट जारी की, तो उसमें संजू सैमसन का नाम गायब था। इसके बाद जब 156 खिलाड़ियों की ऑक्शन लिस्ट सामने आई, तो उसमें भी सैमसन शामिल नहीं थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सैमसन ने खुद इस बार ऑक्शन का हिस्सा बनने से साफ इनकार कर दिया था। गौरतलब है कि KCL 2025 में कोच्चि ने उन्हें 26.80 लाख रुपये की रिकॉर्ड कीमत पर खरीदा था, जिससे वह लीग के इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बने थे। पिछले सीजन में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए महज 5 पारियों में 368 रन ठोक डाले थे।
KCL चेयरमैन नजर माचान का आधिकारिक बयान
सैमसन के इस फैसले की पुष्टि करते हुए केरल क्रिकेट लीग की गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन नजर माचान ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने बताया कि संजू सैमसन ने पहले ही लीग के अधिकारियों और कोच्चि ब्लू टाइगर्स फ्रेंचाइजी को सूचित कर दिया था कि वे इस बार उपलब्ध नहीं रहेंगे। यही वजह है कि कोच्चि की टीम ने उन्हें रिलीज किया और इसमें हैरान होने वाली कोई बात नहीं है। आपको बता दें कि KCL का तीसरा सीजन 20 अगस्त से शुरू होकर 5 सितंबर तक खेला जाना है।
खराब फॉर्म के बाद आलोचनाओं के बीच हेड कोच गंभीर का सपोर्ट
हालिया समय संजू सैमसन के लिए थोड़ा मुश्किल भरा रहा है। आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ पिछली 3 टी20 इंटरनेशनल पारियों में वह सिर्फ 6 रन ही बना सके। लगातार खराब फॉर्म के चलते उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टी20 की प्लेइंग इलेवन से ड्रॉप कर युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी को मौका दिया गया था। हालांकि, भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने सैमसन का हौसला बढ़ाते हुए स्पष्ट किया है कि टीम से ड्रॉप होने का यह मतलब बिल्कुल नहीं है कि उनकी वापसी नहीं हो सकती। उम्मीद जताई जा रही है कि चौथे टी20 मैच में संजू सैमसन एक बार फिर नीली जर्सी में खेलते नजर आ सकते हैं।
The News 11 – ताज़ा हिंदी समाचार, ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया