मनोरंजन डेस्क, नई दिल्ली: ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ के हालिया एपिसोड ने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है। वर्ल्ड लाफ्टर डे के मौके पर कपिल शर्मा ने तीन चर्चित चेहरों—सुनील पाल, समय रैना और रणवीर इलाहाबादिया को एक साथ मंच पर बुलाया। शो के दौरान समय रैना ने सुनील पाल को जमकर रोस्ट किया, जिसे देखकर दर्शकों की हंसी तो रुकी नहीं, लेकिन अब इस पर सुनील पाल का दर्द छलक उठा है। पहले इस मजाक को सहजता से लेने वाले सुनील पाल ने अब स्वीकार किया है कि वे इस स्थिति के लिए तैयार नहीं थे।
‘स्टैंडअप करने गया था, रोस्टिंग हो गई’
एक हालिया इंटरव्यू में सुनील पाल ने खुलासा किया कि उन्हें शो के फॉर्मेट के बारे में पूरी जानकारी नहीं थी। उन्होंने बताया, “मुझे कहा गया था कि समय रैना और रणवीर इलाहाबादिया वहां होंगे और मुझे स्टैंडअप परफॉर्म करना है। मैं अपने एक्ट की तैयारी करके गया था, लेकिन वहां इत्तेफाक से स्टैंडअप हुआ ही नहीं। वहां जो कुछ भी हुआ, उसके लिए मैं मानसिक रूप से बिल्कुल तैयार नहीं था। मैं इसे धोखा तो नहीं कहूंगा, लेकिन जो मैंने सोचा था वो हुआ नहीं, और जो कभी नहीं सोचा था वो हो गया।”
कॉमेडी या अपमान? पहले और अब के बयानों में अंतर
दिलचस्प बात यह है कि शो के तुरंत बाद सुनील पाल के विचार काफी अलग थे। तब उन्होंने कहा था कि उन्हें अपमानजनक महसूस नहीं हुआ क्योंकि एक-दूसरे की टांग खींचना शो का हिस्सा है। लेकिन धीरे-धीरे उनके सुर बदलते दिख रहे हैं। उन्होंने साफ किया कि समय से उनकी कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है, बस विचारों का मतभेद है।
जेन-जी कॉमेडियन्स की ‘गालियों’ पर नाराजगी
सुनील पाल ने एक बार फिर नए दौर के कॉमेडियन्स, खासकर समय रैना और उनके जैसे ‘जेन-जी’ कलाकारों के कंटेंट पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “मुझे उन कॉमेडियन्स से दिक्कत है जो सिर्फ गालियों के भरोसे रहते हैं। अगर आपके पास टैलेंट, शिक्षा और इतने बड़े प्लेटफॉर्म हैं, तो आपका कंटेंट ऐसा नहीं होना चाहिए। गालियां देना कॉमेडी नहीं है।”
पुरानी रंजिश का नया अध्याय
सुनील पाल और समय रैना के बीच की तनातनी पुरानी है। बीते साल जब समय रैना के शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के एक एपिसोड में रणवीर इलाहाबादिया के माता-पिता पर आपत्तिजनक टिप्पणी हुई थी, तब सुनील पाल ने समय रैना को ‘आतंकवादी’ तक कह दिया था। कपिल के शो पर इन दोनों का आमना-सामना होना ही किसी धमाके से कम नहीं था, लेकिन अब सुनील पाल के ताजा बयान ने ‘रोस्टिंग’ के इस खेल में नया मोड़ ला दिया है।
The News 11 – ताज़ा हिंदी समाचार, ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया