हरियाणा की मशहूर डांसर, सिंगर और सोशल मीडिया सेंसेशन सपना चौधरी (Sapna Choudhary) अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर एक बड़े विवाद में घिर गई हैं. अपने गानों और डांस से लाखों दिलों पर राज करने वाली सपना चौधरी ने अपने पति वीर साहू (Veer Sahu) के खिलाफ घरेलू हिंसा का केस दर्ज कराया है. मामला इतना गंभीर हो चुका है कि नई दिल्ली की द्वारका महिला अदालत ने सपना को ‘घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम’ (Domestic Violence Act) के तहत अंतरिम राहत देते हुए उनके पति के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है. कोर्ट ने वीर साहू को सपना के पास फटकने तक से मना कर दिया है.
फिल्म ‘मोमाकू’ के प्रीमियर से ठीक पहले मिली अदालती सुरक्षा
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, सपना चौधरी की आगामी फिल्म ‘मोमाकू’ का प्रीमियर 10 जून 2026 को तय था. ठीक इस बड़े प्रोफेशनल कमिटमेंट और प्रीमियर से पहले कोर्ट ने सपना को अंतरिम सुरक्षा प्रदान की है.
द्वारका महिला कोर्ट ने वीर साहू को सख्त हिदायत दी है कि वह किसी भी तरह से सपना चौधरी से संपर्क (Contact) करने की कोशिश न करें. इसके साथ ही कोर्ट ने वीर साहू को सपना के घर, उनके कार्यस्थल (Workplace) और फिल्म प्रीमियर के वेन्यू (Venue) से भी पूरी तरह दूर रहने का आदेश दिया है. कोर्ट ने यह फैसला सपना चौधरी द्वारा पेश किए गए दस्तावेजी सबूतों और उनकी सुरक्षा चिंताओं को ध्यान में रखकर लिया है.
पति के सरेआम गलत बर्ताव से तंग आकर सपना ने छोड़ा घर!
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सपना चौधरी और वीर साहू ने 24 जनवरी 2020 को गुप्त तरीके से शादी की थी और दोनों के दो बेटे भी हैं. बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से दोनों के बीच रिश्ते ठीक नहीं चल रहे थे. खबरों की मानें तो वीर साहू अक्सर पब्लिक प्लेस में सपना चौधरी के साथ बेहद गलत बर्ताव करते थे और सरेआम तमाशा (Scene Create) खड़ा कर देते थे. पति के इस लगातार बढ़ते दुर्व्यवहार और प्रताड़ना से तंग आकर सपना ने आखिरकार वह घर छोड़ दिया, जहां दोनों शादी के बाद से साथ रह रहे थे और सीधे कानून का दरवाजा खटखटाया.
“न्यायिक प्रक्रिया पर पूरा भरोसा है” – सपना चौधरी की वकील
इस पूरे कानूनी मामले पर बात करते हुए सपना चौधरी की वकील प्रीति सिंह ने कहा, “मेरी क्लाइंट को ‘घरेलू हिंसा से महिलाओं के संरक्षण अधिनियम’ के तहत उनके पति के खिलाफ जो अंतरिम सुरक्षा मिली है, वह इस विशेष कानून के वास्तविक उद्देश्य को साबित करती है. इस कानून का मतलब ही है पीड़ित को जरूरत के वक्त तुरंत सुरक्षा देना. चूंकि अब यह संवेदनशील मामला पूरी तरह अदालत के अधीन है, इसलिए हम इस पर ज्यादा टिप्पणी नहीं करेंगे. हमें देश की न्यायिक प्रक्रिया पर पूरा भरोसा है.”
फिलहाल इस पूरे मामले पर न तो सपना चौधरी की तरफ से और न ही वीर साहू की तरफ से कोई आधिकारिक बयान (Official Statement) आया है. कोर्ट ने इस मामले की अगली सुनवाई के लिए 25 जुलाई 2026 की तारीख तय की है.
‘बिग बॉस’ से लेकर ‘कान फिल्म फेस्टिवल’ तक का सफर
सपना चौधरी ने अपने करियर की शुरुआत हरियाणा में एक स्थानीय रागनी डांसर के रूप में की थी, लेकिन अपने गजब के टैलेंट के दम पर वे बहुत जल्द देशभर में पॉपुलर हो गईं. ‘सॉलिड बॉडी’ और ‘तेरी आख्या का यो काजल’ जैसे गानों ने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई. इसके बाद वे सलमान खान के विवादित रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ का भी हिस्सा रहीं, जहां उनके बेबाक अंदाज को दर्शकों ने खूब पसंद किया. साल 2023 में सफलता का एक नया इतिहास रचते हुए सपना चौधरी प्रतिष्ठित ‘कान फिल्म फेस्टिवल’ (Cannes Film Festival) के रेड कारपेट पर भी वॉक करने पहुंची थीं, जहां उन्होंने वैश्विक मंच पर हरियाणा और भारत का प्रतिनिधित्व किया था.
The News 11 – ताज़ा हिंदी समाचार, ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया