लखनऊ: उत्तर प्रदेश की हवाई कनेक्टिविटी में 1 जुलाई 2026 से एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। अब लखनऊ से नोएडा (जेवर) जाने के लिए यात्रियों को दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरने की मजबूरी नहीं होगी। इंडिगो एयरलाइंस ने 1 जुलाई से लखनऊ और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बीच चार दैनिक उड़ानों का शेड्यूल जारी कर दिया है, जिससे दोनों शहरों के बीच का सफर महज एक घंटे का रह जाएगा।
सुबह से रात तक उड़ानों का विकल्प, जानें पूरा शेड्यूल
इंडिगो की ओर से जारी समय-सारणी के अनुसार, लखनऊ और नोएडा के बीच सप्ताह के सातों दिन विमान सेवा उपलब्ध होगी। यात्रियों की सुविधा के लिए सुबह, दोपहर और रात तीनों समय के स्लॉट रखे गए हैं:
-
लखनऊ से नोएडा (6E 7625): सुबह 07:40 बजे प्रस्थान — 08:55 बजे आगमन।
-
नोएडा से लखनऊ (6E 7624): सुबह 06:00 बजे प्रस्थान — 07:10 बजे आगमन।
-
नोएडा से लखनऊ (6E 7628): दोपहर 15:05 बजे प्रस्थान — 16:15 बजे आगमन।
-
लखनऊ से नोएडा (6E 7629): रात 21:35 बजे प्रस्थान — 22:50 बजे आगमन।
एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, जेवर एयरपोर्ट से लखनऊ के अलावा जयपुर, चंडीगढ़, भोपाल और देहरादून जैसे प्रमुख शहरों के लिए भी 1 जुलाई से ही सीधी उड़ानें शुरू हो जाएंगी।
बरेली को भी मिली सौगात: दिल्ली और नोएडा के लिए शुरू होंगी फ्लाइट्स
राजधानी लखनऊ के साथ-साथ बरेली के निवासियों के लिए भी हवाई सफर की राह आसान होने वाली है। बरेली एयरपोर्ट से जून के महीने में दो महत्वपूर्ण रूटों पर सेवाएं शुरू होंगी:
-
दिल्ली के लिए: 2 जून से सप्ताह में तीन दिन उड़ान।
-
नोएडा (जेवर) के लिए: 30 जून से सप्ताह में चार दिन उड़ान।
बरेली एयरपोर्ट के डायरेक्टर अवधेश कुमार ने बताया कि इंडिगो इन रूटों पर 78-सीटर एटीआर विमान संचालित करेगा। इसके लिए डीजीसीए से फाइनल अप्रूवल इसी महीने मिलने की उम्मीद है।
यूपी के छोटे शहरों तक फैलेगा हवाई नेटवर्क
बरेली एयरपोर्ट प्रबंधन केवल दिल्ली और नोएडा तक ही सीमित नहीं है। आगामी समय में बरेली को अयोध्या, वाराणसी, कुशीनगर, कोलकाता और चेन्नई जैसे शहरों से जोड़ने के लिए रूट सर्वे पूरा किया जा चुका है। एयरपोर्ट के विस्तार के लिए 32 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण भी पूरा हो गया है, जिससे भविष्य में बड़े विमानों का संचालन भी संभव हो सकेगा।
The News 11 – ताज़ा हिंदी समाचार, ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया