
केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस नेताओं की अमर्यादित भाषा पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस ने मा. प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का ही नहीं, बल्कि उन्हें प्रधानमंत्री पद तक पहुंचाने वाली देश की जनता का भी अपमान किया है। कांग्रेस को अपने इस आचरण के लिए देश की जनता से तत्काल माफी मांगनी चाहिए।
श्री मौर्य ने कहा कि राजनीतिक विरोध लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन विरोध के नाम पर भाषा की मर्यादा और संस्कारों को भूल जाना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। प्रधानमंत्री जी के स्वर्गीय माता-पिता तक के प्रति अपमानजनक टिप्पणी करना कांग्रेस की संकीर्ण राजनीतिक सोच और गिरते स्तर को दर्शाता है। देश की जनता इस तरह के अपमान को बर्दाश्त नहीं करेगी और कांग्रेस को इसका जवाब अवश्य देगी।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि एक गरीब मां-बाप का बेटा अपनी मेहनत, समर्पण और जनसेवा के बल पर देश के सर्वोच्च कार्यकारी पद तक पहुंचा है। यह देश के लोकतंत्र की ताकत है। कांग्रेस सत्ता से दूर होने की हताशा में अपनी भाषा की मर्यादा भी भूलती जा रही है। लोकतंत्र में प्रत्येक व्यक्ति को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन इस अधिकार के साथ जिम्मेदारी और शालीनता भी आवश्यक है।
श्री मौर्य ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के संस्कार गाली का जवाब गाली से देना नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक तरीके से जनता के बीच जाकर जवाब देना है। देश की जनता अपने मताधिकार के माध्यम से कांग्रेस को जवाब देगी और उसके अहंकार तथा अमर्यादित राजनीति को सबक सिखाएगी।
उप मुख्यमंत्री ने कांग्रेस से मांग की कि वह तत्काल माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी और देश की जनता से माफी मांगे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि देश के प्रधानमंत्री और उनका जनादेश देने वाली जनता का अपमान किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।
The News 11 – Hindustan Newspaper, ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया