16 की उम्र में फ्रोजन फूड खाने से हुई डायबिटीज, 11 नामी कंपनियों पर केस; जानिए भारत के घरों में घुस चुका यह ‘जहर’ आपके बच्चों के लिए कितना खतरनाक…

आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में मिनटों में तैयार होने वाले फ्रोजन फूड्स और रेडी-टू-ईट मील्स (Ready-to-eat) हर घर की रसोई का अहम हिस्सा बन चुके हैं. लेकिन अमेरिका से आई एक खबर ने पूरी दुनिया में अल्ट्रा-प्रोसेस्ड फूड की सुरक्षा को लेकर एक गंभीर बहस छेड़ दी है. वहां एक युवक ने अपनी गंभीर बीमारियों का जिम्मेदार पैकेज्ड फूड को ठहराते हुए 11 बड़ी फूड कंपनियों को अदालत के कटघरे में खड़ा कर दिया है. आइए समझते हैं यह पूरा मामला क्या है और भारत के लिए यह कितनी बड़ी चेतावनी है.

कैसे सामने आया यह हैरान करने वाला मामला?

न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका के पेंसिल्वेनिया में रहने वाले ब्राइस मार्टिनेज (Bryce Martinez) को जब वह 16 साल के थे, तब अचानक सीने में तेज दर्द हुआ. शुरुआत में इसे अस्थमा का अटैक समझा गया, लेकिन अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने जो बताया, उसने ब्राइस के होश उड़ा दिए. उन्हें इतनी कम उम्र में टाइप-2 डायबिटीज और फैटी लिवर जैसी गंभीर बीमारियां हो चुकी थीं. ब्राइस का वजन बचपन से ज्यादा था, लेकिन उन्हें कभी अंदाजा नहीं था कि टीनएज में उन्हें ऐसी लाइफस्टाइल बीमारियां जकड़ लेंगी.

इंटरनेट से खुला अल्ट्रा-प्रोसेस्ड फूड का काला सच

बीमारी का पता चलने के बाद ब्राइस ने खुद रिसर्च शुरू की. उन्हें समझ आया कि बचपन से उनकी डाइट में शामिल पैकेज्ड फूड, ज्यादा नमक, चीनी, फैट और एडिटिव्स उनकी इस हालत के जिम्मेदार हैं. उनकी रूटीन में सुबह का मीठा सीरियल, स्कूल में पिज्जा-बर्गर और घर आकर माइक्रोवेव में गर्म करके खाया जाने वाला फ्रोजन खाना शामिल था.

18 की उम्र में 11 दिग्गज कंपनियों पर ठोका मुकदमा

इस सच्चाई को जानने के बाद ब्राइस ने 18 साल की उम्र में कोका-कोला (Coca-Cola), पेप्सिको (PepsiCo), नेस्ले यूएसए (Nestle USA) और क्राफ्ट हेंज (Kraft Heinz) जैसी 11 दिग्गज फूड कंपनियों के खिलाफ मुकदमा दायर कर दिया. उनका आरोप है कि इन कंपनियों ने जानबूझकर बच्चों को टारगेट कर भ्रामक विज्ञापन बनाए और ऐसे प्रोडक्ट बेचे, जिन्होंने उनकी सेहत पूरी तरह बर्बाद कर दी. यह अल्ट्रा-प्रोसेस्ड फूड से जुड़ा अपनी तरह का पहला ‘पर्सनल इंजरी’ केस माना जा रहा है.

भारत के लिए खतरे की घंटी: तेजी से बढ़ रहा है फ्रोजन बाजार

अमेरिका की यह घटना भारत के लिए एक बड़ा अलर्ट है. कभी-कभार खाए जाने वाले फ्रोजन मोमोज, फ्रेंच फ्राइज, कबाब, नगेट्स और बर्गर पैटी अब भारतीय घरों के फ्रीजर में स्थायी जगह बना चुके हैं.

  • बढ़ता बाजार: मार्केट रिसर्च फ्यूचर की एक रिपोर्ट के मुताबिक, भारत का फ्रोजन फूड मार्केट 2025 से 2035 के बीच 14.5% की सालाना दर से बढ़ने का अनुमान है.

  • वजह: वर्किंग कपल्स, समय की कमी और क्विक कॉमर्स (10 मिनट डिलीवरी ऐप्स) की आसान पहुंच ने रेडी-टू-कुक स्नैक्स की डिमांड को कई गुना बढ़ा दिया है.

क्या सभी फ्रोजन फूड नुकसानदायक हैं? एक्सपर्ट्स की राय

हेल्थ और फूड इंडस्ट्री के एक्सपर्ट्स का मानना है कि ‘फ्रोजन’ होने का मतलब हमेशा अनहेल्दी होना नहीं है. कई चीजों को सुरक्षित तकनीक से फ्रीज किया जाता है. असली खतरा अल्ट्रा-प्रोसेस्ड, हाई-सोडियम (नमक), हाई-शुगर और हाई-फैट वाले खाने से है.

क्या सावधानियां बरतें?

  • लेबल जरूर पढ़ें: सामान खरीदते समय पैकेट के पीछे दी गई न्यूट्रिशन जानकारी में चीनी, सोडियम और प्रिजर्वेटिव्स की मात्रा चेक करें.

  • संतुलन बनाएं: फ्रोजन फूड को रोजमर्रा के भोजन का हिस्सा बनाने के बजाय इसे कभी-कभार के स्नैक तक ही सीमित रखें.

  • ताजा खाने को प्राथमिकता: घर का बना ताजा खाना ही मोटापे, डायबिटीज और फैटी लिवर जैसी गंभीर बीमारियों से बचने का सबसे अचूक उपाय है.

Check Also

वैज्ञानिकों की बढ़ी चिंता: मछलियों में मिला दुर्लभ ‘फैलने वाला’ कैंसर, क्या इंसानों को भी है खतरा?

कैंसर को आमतौर पर एक ऐसी बीमारी के रूप में जाना जाता है जो किसी …