कोलकाता। ‘भूल भुलैया 2’, ‘क्रू’, ‘भूत बंगला’ और ‘डार्लिंग्स’ जैसी सुपरहिट फिल्मों में अपनी बेहतरीन अदाकारी का लोहा मनवा चुके दिग्गज अभिनेता राजेश शर्मा इस वक्त जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं। रामोजी फिल्म सिटी में एक मेगा बजट फिल्म की शूटिंग के दौरान किसी बेहद जहरीले कीड़े या मकड़ी के काटने के बाद उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती जा रही है। इनफेक्शन बढ़ने के कारण उन्हें पश्चिम बंगाल के ढाकुरिया स्थित मणिपाल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहाँ डॉक्टरों की एक स्पेशल टीम उन पर 24 घंटे नजर रख रही है।
रामोजी फिल्म सिटी में प्रभास की फिल्म की शूटिंग के दौरान हुआ हादसा
मशहूर एक्ट्रेस सुदीपा चटर्जी ने राजेश शर्मा के परिवार की ओर से सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा कर इस दर्दनाक घटना की जानकारी दी है। सुदीपा ने बताया, “राजेश हैदराबाद में सुपरस्टार प्रभास के साथ आगामी फिल्म की शूटिंग कर रहे थे। पैकअप के बाद जब वह घने जंगलों से घिरे एक इलाके में लोकल टेक्नीशियन्स से बातचीत कर रहे थे, तभी उन्हें पैर में किसी चीज के काटने का अहसास हुआ। शुरुआत में उन्होंने इसे सामान्य समझकर नजरअंदाज किया और बिना किसी मेडिकल हेल्प के काम जारी रखा, जो बाद में भारी पड़ गया।”
फ्लाइट में चढ़ा तेज बुखार, पैर से घुटने तक फैले बड़े-बड़े छाले
हादसे के करीब 6 घंटे बाद राजेश के दाएं पैर में असहनीय दर्द शुरू हो गया। बिगड़ती हालत के बीच उन्होंने कोलकाता के लिए फ्लाइट पकड़ी, लेकिन सफर के दौरान ही उन्हें कँपकँपी के साथ तेज बुखार और बेचैनी होने लगी। अस्पताल में भर्ती होने के बाद भी उनका बुखार कम नहीं हो रहा है। ताजा अपडेट के मुताबिक, जहरीला संक्रमण उनके पैर की उंगलियों से लेकर घुटने तक फैल चुका है, जिसके कारण पूरे पैर में बड़े-बड़े छाले पड़ गए हैं और उन्हें सांस लेने में भी भारी तकलीफ हो रही है।
डॉक्टर बोले- ‘अभी खतरे से बाहर नहीं, ब्लड क्लॉटिंग का है बड़ा डर’
मनीपाल हॉस्पिटल के सीनियर डॉक्टर अविजित भट्टाचार्य और उनकी टीम राजेश शर्मा का इलाज कर रही है। डॉक्टरों के मुताबिक, एक्टर की स्थिति अभी भी खतरे से बाहर नहीं है। सबसे बड़ी चिंता यह है कि इस संक्रमण के कारण उनकी बॉडी में खतरनाक ‘ब्लड क्लॉट्स’ (खून के थक्के) बनने का शक है। डॉक्टरों ने चेतावनी दी है कि अगर ये क्लॉट्स ट्रैवल करके उनके फेफड़ों (लंग्स) तक पहुँच गए, तो स्थिति पूरी तरह से जानलेवा हो सकती है। पूरा बॉलीवुड और उनके फैंस इस वक्त राजेश शर्मा के जल्द ठीक होने की दुआएं कर रहे हैं।
The News 11 – ताज़ा हिंदी समाचार, ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया