शिमला। अयोध्या राम मंदिर में हुए चढ़ावा चोरी मामले ने अब देश में एक बड़ा राजनीतिक मोड़ ले लिया है। फिल्म अभिनेत्री और हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट से भाजपा सांसद कंगना रनौत ने इस पूरे विवाद पर अपनी पहली और तीखी प्रतिक्रिया दी है। कंगना ने सीधे तौर पर कांग्रेस पार्टी को आड़े हाथों लेते हुए इस संवेदनशील और पवित्र मुद्दे पर घटिया राजनीति करने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि जो दल दशकों तक भगवान राम के अस्तित्व और मंदिर निर्माण का विरोध करता रहा, वह आज श्रद्धालुओं की आस्था के नाम पर राजनीतिक रोटियां सेक रहा है।
सीएम सुक्खू के बयान पर कंगना का करारा पलटवार
कंगना रनौत का यह कड़ा बयान हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के उस बयान के ठीक एक दिन बाद आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी केवल पैसों की हेराफेरी नहीं, बल्कि करोड़ों सनातनी भाई-बहनों की आस्था की चोरी है। इस पर पलटवार करते हुए कंगना ने कहा, “हिमाचल और पूरे देश की जनता कांग्रेस के इस ‘दोहरे रवैये’ को बहुत अच्छे से पहचानती है। सदियों के संघर्ष, अनगिनत बलिदानों और गहरी श्रद्धा के बाद राम मंदिर का सपना सच हुआ है, इसे राजनीतिक लाभ का जरिया नहीं बनने दिया जाएगा।”
‘हिमाचल सरकार ने खुद की मंदिरों के पैसों पर नियंत्रण की कोशिश’
अपने बयान में भाजपा सांसद ने कांग्रेस शासित हिमाचल प्रदेश सरकार पर भी गंभीर आरोप मढ़े। उन्होंने कहा, “एक तरफ कांग्रेस नेता राम मंदिर पर उपदेश दे रहे हैं, तो दूसरी तरफ खुद हिमाचल सरकार ने राज्य के मंदिरों की निधियों (फंड) का उपयोग सरकारी योजनाओं के लिए करने और धार्मिक संस्थानों के संसाधनों पर सरकारी नियंत्रण स्थापित करने की पुरजोर कोशिश की थी। जनता कांग्रेस के इस असली चरित्र को समझ चुकी है।”
‘भाजपा के लिए आस्था वोट बैंक नहीं, राष्ट्र की पहचान है’
अपनी पार्टी का मजबूती से बचाव करते हुए कंगना रनौत ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) हमेशा से सनातन संस्कृति, भारत की सभ्यतागत विरासत और नागरिकों की आस्था की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भाजपा ने कभी भी धर्म या आस्था को वोट बैंक की राजनीति का साधन नहीं बनाया, बल्कि उसे हमेशा राष्ट्र की सांस्कृतिक पहचान का एक अभिन्न हिस्सा माना है। कंगना ने सुक्खू सरकार को नसीहत देते हुए कहा कि पवित्र मुद्दों पर राजनीति करने के बजाय कांग्रेस को राज्य में अपनी विफलताओं का जवाब देना चाहिए।
The News 11 – ताज़ा हिंदी समाचार, ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया