मुंबई/बैंकॉक। ‘बालिका वधू’ फेम एक्ट्रेस अविका गौर ने अपने फैंस को एक बड़ा सरप्राइज दिया है। टीवी और साउथ सिनेमा की जानी-मानी अभिनेत्री अब परमानेंटली भारत छोड़कर थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में शिफ्ट हो गई हैं। पिछले साल सितंबर में मिलिंद चांदवानी के साथ शादी के बंधन में बंधी अविका ने खुद इस खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बैंकॉक में अपना नया आशियाना भी खरीद लिया है, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई हैं।
क्यों लिया भारत छोड़ने का फैसला?
अक्सर देखा जाता है कि एक्टर्स काम के सिलसिले में मुंबई को अपना ठिकाना बनाते हैं, लेकिन अविका का सोचना थोड़ा अलग है। उन्होंने बताया कि यह फैसला उन्होंने और उनके पति मिलिंद ने आपसी समझ और भविष्य के अवसरों को देखते हुए लिया है। अविका ने कहा, “मिलिंद और मुझे एहसास हुआ कि बैंकॉक में उनके लिए बेहतरीन करियर ग्रोथ है और मेरे लिए भी वहां काफी संभावनाएं हैं। हम पिछले 7 सालों से एक-दूसरे के सबसे बड़े सपोर्टर रहे हैं। अगर मिलिंद मुझे मेरे काम के लिए महीनों बाहर रहने पर सपोर्ट कर सकते हैं, तो मैं उन्हें आगे बढ़ने से कैसे रोक सकती हूं?”
क्या एक्टिंग करियर को कहेंगी अलविदा?
फैंस के मन में यह सवाल था कि क्या विदेश शिफ्ट होने से अविका के काम पर असर पड़ेगा? इस पर एक्ट्रेस ने बेबाकी से जवाब दिया। उन्होंने साफ किया कि बैंकॉक अब उनका नया घर जरूर है, लेकिन वह एक्टिंग करना नहीं छोड़ेंगी। अविका ने कहा, “जब मैं मुंबई में रहती थी, तब भी मैं हैदराबाद, विशाखापट्टनम और राजमुंदरी में शूटिंग कर रही थी। मुझे लगा कि काम के लिए मुंबई में ही रहना अनिवार्य नहीं है। इंडस्ट्री मेरे इस फैसले को लेकर काफी सपोर्टिव रही है। जिन्हें मेरे साथ काम करना है, वे मेरे शेड्यूल के हिसाब से तालमेल बिठाएंगे।”
सपनों का घर खुद सजा रही हैं अविका
शिफ्टिंग के अनुभव को साझा करते हुए अविका काफी उत्साहित दिखीं। उन्होंने बताया कि यह पहली बार है जब वह अपने घर की हर एक चीज खुद चुन रही हैं। फर्नीचर से लेकर सजावट तक, सब कुछ उनकी पसंद का है। अविका ने बताया कि फिलहाल उनके और मिलिंद के परिवार वाले उनके साथ बैंकॉक में ही हैं। उन्होंने यह भी साझा किया कि वह जल्द ही ‘खतरों के खिलाड़ी’ की शूटिंग शुरू करेंगी और उनकी एक साउथ फिल्म भी रिलीज के लिए तैयार है।
शादी से लेकर अब तक का सफर
अविका और मिलिंद ने पिछले साल नेशनल टीवी पर शो ‘पति-पत्नी और पंगा’ के दौरान शादी की थी। अविका आखिरी बार बॉलीवुड फिल्म ‘ब्लडी इश्क’ में नजर आई थीं, जो एक हॉरर थ्रिलर थी। इसके अलावा वह तेलुगु फिल्म ‘शनमुखा’ में भी अपने अभिनय का जलवा बिखेर चुकी हैं। फिलहाल अविका अपनी लाइफ के सबसे खूबसूरत फेज को एन्जॉय कर रही हैं।
The News 11 – ताज़ा हिंदी समाचार, ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया