नई दिल्ली: ‘द फैमिली मैन’ वेब सीरीज में श्रीकांत तिवारी के वफादार दोस्त ‘जेके’ का किरदार निभाने वाले अभिनेता शारिब हाशमी अपनी बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग के लिए जाने जाते हैं। लेकिन असल जिंदगी में शारिब एक बहुत बड़ी और दर्दनाक जंग लड़ रहे हैं। हाल ही में एक पॉडकास्ट के दौरान शारिब और उनकी पत्नी नसरीन ने अपनी जिंदगी के सबसे कठिन दौर का खुलासा किया। नसरीन पिछले 8 सालों से ‘अग्रेसिव ओरल कैंसर’ से जूझ रही हैं और दुखद बात यह है कि उन्हें छठी बार कैंसर वापस आ गया है।
2018 में शुरू हुआ था मुश्किलों का सफर
शारिब और नसरीन ने बताया कि उनकी शादी काफी संघर्षों के बाद हुई थी। जब आर्थिक स्थिति सुधरने लगी और शारिब का करियर पटरी पर आने लगा, तभी साल 2018 में नसरीन को ओरल कैंसर डायग्नोस हुआ। नसरीन ने वह पल याद करते हुए कहा, “जब बायोप्सी की रिपोर्ट आई, तो शारिब आधे रास्ते से लौट आए थे। रिपोर्ट देखकर वह फूट-फूटकर रोने लगे थे, तब मैंने ही उन्हें ढांढस बंधाया था कि सब ठीक हो जाएगा।”
5 सर्जरी और 6 बार कैंसर का वार
शारिब हाशमी अपनी पत्नी की हिम्मत देख भावुक हो गए। उन्होंने बताया, “नसरीन की अब तक 5 बार सर्जरी हो चुकी है। कैंसर इतनी बार वापस आया है क्योंकि इसका नेचर बहुत अग्रेसिव है। अब यह छठी बार फिर से लौट आया है और शरीर के अन्य हिस्सों में भी फैल गया है। लेकिन जिस तरह से नसरीन इस स्थिति से डील करती हैं, उससे हम पूरे परिवार को हिम्मत मिलती है।”
“पुराना चेहरा देख लगता है कि मैं कितनी सुंदर थी”
कैंसर की बार-बार सर्जरी ने नसरीन के चेहरे और शारीरिक बनावट पर भी गहरा असर डाला है। उन्होंने बेहद इमोशनल होकर कहा, “कई बार जब मैं अपनी पुरानी तस्वीरें देखती हूं, तो लगता है कि मैं कितनी सुंदर थी। अब इतनी सर्जरी के बाद मेरा चेहरा बदल गया है, दांतों में दिक्कत होती है। एक समय मैं बहुत कॉन्फिडेंट थी, लेकिन अब लगता है कि कम से कम मैं अपने परिवार के साथ जिंदा तो हूं। शारिब ने कभी मेरा साथ नहीं छोड़ा, वह शूटिंग से वक्त निकालकर हमेशा हॉस्पिटल पहुंचते हैं, यही मेरे लिए काफी है।”
प्यार ही है सबसे बड़ी ताकत
शारिब और नसरीन की कहानी यह सिखाती है कि कठिन समय में केवल पैसा नहीं, बल्कि अपनों का साथ मायने रखता है। शारिब ने बताया कि उनकी शादी के शुरुआती दिनों में उनके पास पैसे नहीं थे, लेकिन उनका प्यार ही था जिसने उन्हें हर मुश्किल से बाहर निकाला। आज भी दोनों उसी मजबूती के साथ इस छठी जंग को जीतने की कोशिश में जुटे हैं।
The News 11 – ताज़ा हिंदी समाचार, ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया