सूर्यांश शेडगे का ट्राई सीरीज में गदर! 3 मैचों में कूट दिए 138 रन; श्रीलंका के खिलाफ विप्रज निगम संग बचाई इंडिया ‘ए’ की लाज

दांबुला (श्रीलंका)। त्रिकोणीय ए-सीरीज (Try Nation A Series) में इंडिया ‘ए’ के उभरते हुए सितारे सूर्यांश शेडगे अपनी ताबड़तोड़ और मैच जिताऊ बल्लेबाजी से लगातार महफिल लूट रहे हैं। सीरीज के चौथे मुकाबले में श्रीलंका ‘ए’ के खिलाफ खेलते हुए सूर्यांश ने संकटमोचक की भूमिका निभाई और टीम को एक बेहद शर्मनाक स्कोर पर सिमटने से बचा लिया।

टूर्नामेंट में अब तक खेले 3 मैचों में सूर्यांश के बल्ले से शानदार 138 रन निकल चुके हैं। हालांकि, अपनी ऑलराउंडर छवि के विपरीत वह अब तक गेंद से कोई विकेट चटकाने में कामयाब नहीं हो सके हैं, लेकिन उनके बल्ले की गूंज इस समय पूरे क्रिकेट जगत में सुनाई दे रही है।

143 पर गिर गए थे 7 विकेट, फिर हुआ ‘सूर्यांश-विप्रज’ का धमाका

रांगिरी दांबुला अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में सोमवार को खेले जा रहे इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंडिया ‘ए’ की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। टीम इंडिया की हालत एक समय इतनी पतली हो गई थी कि महज 143 रन के स्कोर पर उसके 7 प्रमुख बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे। ऐसा लग रहा था कि भारतीय टीम 150 रन का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाएगी।

ऐसे नाजुक मोड़ पर मुंबई के सूर्यांश शेडगे और उत्तर प्रदेश के विप्रज निगम ने मोर्चा संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने आठवें विकेट के लिए 104 रनों की ऐतिहासिक शतकीय साझेदारी कर श्रीलंका के गेंदबाजों के होश उड़ा दिए। इन दोनों की जुझारू पारियों की बदौलत इंडिया ‘ए’ ने 49.2 ओवरों में सभी विकेट खोकर 265 रनों का एक सम्मानजनक और चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।

सूर्यांश ने खेली 72 रनों की सूझबूझ भरी पारी, लगातार तीसरा कमाल

दांबुला की धीमी पिच पर सूर्यांश शेडगे ने अपनी बल्लेबाजी परिपक्वता का शानदार मुजाहिरा किया। उन्होंने महज 66 गेंदों का सामना करते हुए 72 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 3 गगनचुंबी छक्के और 2 करारे चौके शामिल रहे। यह इस सीरीज में उनकी लगातार तीसरी प्रभावी पारी है।

इससे पहले, श्रीलंका के ही खिलाफ पिछले मैच के आखिरी ओवरों में उन्होंने महज 14 गेंदों पर 1 चौके और 2 छक्कों की मदद से नाबाद 26 रन कूटे थे। वहीं, अफगानिस्तान ‘ए’ के खिलाफ भी सूर्यांश ने अपना रौद्र रूप दिखाते हुए सिर्फ 27 गेंदों में 2 चौके और 2 छक्कों की मदद से 40 रनों की तूफानी पारी खेली थी। दूसरी ओर, उनका साथ निभा रहे विप्रज निगम ने भी शानदार अर्धशतक जड़ा और 49 गेंदों में 6 चौकों की मदद से महत्वपूर्ण 51 रन बनाए।

रुतुराज-तिलक हुए फेल, स्पिनर्स के जाल में फंसी टीम इंडिया

इससे पहले पारी की शुरुआत करने आए युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी ने 14 गेंदों में 21 रन बनाकर तेज तर्रार आगाज किया। उन्होंने लंकाई तेज गेंदबाज चमिका गुणाशेखर के ओवर में एक शानदार छक्का और दो चौके जड़े, लेकिन वह अपनी पारी को लंबा नहीं खींच सके और ऑफ स्पिनर साहन अराचिगे की गेंद पर पॉइंट पर कैच दे बैठे।

इसके बाद कप्तान तिलक वर्मा (23 रन) और बेहतरीन फॉर्म में चल रहे उप-कप्तान रुतुराज गायकवाड़ (32 रन) ने तीसरे विकेट के लिए 9 ओवरों में 52 रन जोड़कर पारी को संभालने की कोशिश की। लेकिन दांबुला की टर्निंग पिच पर श्रीलंका के स्पिन गेंदबाजों ने शिकंजा कस लिया। धाकड़ बल्लेबाज रुतुराज गायकवाड़ को ऑफ स्पिनर विजयकांत व्यासकांत ने एलबीडब्ल्यू (पगबाधा) कर भारत को तीसरा और सबसे बड़ा झटका दिया। कप्तान तिलक वर्मा भी ज्यादा देर नहीं टिक सके और कुगाथस मथुलन की गेंद पर पॉइंट पर आसान कैच थमाकर चलते बने।

घरेलू क्रिकेट के अनुभव ने संकट से उबारा

91 रन पर 2 विकेट खोकर अच्छी स्थिति में दिख रही भारतीय टीम ने मिडिल ऑर्डर में ताश के पत्तों की तरह लगातार विकेट गंवाए, जिससे स्कोर 7 विकेट पर 143 रन हो गया। इसके बाद शेडगे और निगम की जोड़ी ने न सिर्फ सिंगल-डबल लेकर स्ट्राइक रोटेट की, बल्कि ढीली गेंदों पर बड़े शॉट्स लगाने से भी गुरेज नहीं किया। घरेलू क्रिकेट के सीमित ओवरों के टूर्नामेंट्स में अपनी-अपनी राज्य टीमों के लिए लगातार रन बनाने वाले इन दोनों युवा खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी साबित कर दिया कि वे दबाव के क्षणों में टीम की नैया पार लगाने का दम रखते हैं।

Check Also

IND A vs SL A: सुपर ओवर के महा-ड्रामा में हारी टीम इंडिया! अंपायरों से भिड़े तिलक वर्मा; मैच के बाद वैभव सूर्यवंशी की श्रीलंकाई खिलाड़ियों से तीखी बहस

नई दिल्ली/दांबुला। त्रिकोणीय ए-सीरीज (Try Nation A Series) के चौथे मुकाबले में सोमवार को इंडिया …