राम रत्न की लूट है, चंपत ने चपत लगाई! VHP-BJP और संघ पर बरसे धर्मसेना प्रमुख संतोष दुबे; करीबियों की अकूत संपत्ति पर उठाए सवाल

अयोध्या। अयोध्या के भव्य राम मंदिर में चढ़ावे की कथित हेराफेरी और चोरी का मामला अब एक बड़े राजनीतिक और धार्मिक बवंडर में तब्दील हो चुका है। एसआईटी (SIT) की जांच शुरू होने के ठीक बाद, अब धर्मसेना के प्रमुख और प्रखर हिंदूवादी नेता संतोष दुबे ने मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट, विश्व हिंदू परिषद (VHP), भारतीय जनता पार्टी (BJP) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर तीखे बाण चलाते हुए बेहद गंभीर और सनसनीखेज आरोप लगाए हैं।

संतोष दुबे ने राम मंदिर प्रबंधन में पारदर्शिता की कमी का मुद्दा उठाते हुए एक इंटरव्यू में कहा, “यह रामनाम की नहीं, बल्कि रामरत्न की लूट है और चंपत राय ही इस व्यवस्था को चपत लगा रहे हैं।”

ड्राइवर से अरबपति कैसे बना टुन्नू यादव? दुबे का बड़ा दावा

धर्मसेना प्रमुख ने अपने आरोपों के केंद्र में राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और उनके कथित करीबी टुन्नू यादव को रखा। संतोष दुबे ने दावा किया कि टुन्नू यादव, जो पहले कभी ड्राइवरी का काम किया करते थे, आज कुछ ही वर्षों के भीतर करोड़ों-अरबों की संपत्ति के मालिक बन चुके हैं।

दुबे ने सवाल उठाते हुए कहा कि अयोध्या में टुन्नू यादव का 60 कमरों का एक आलीशान मकान बनकर तैयार है, जिसमें बकायदा लिफ्ट भी लगी हुई है। उन्होंने मांग की कि इस बात की गहनता से जांच होनी चाहिए कि एक पूर्व ड्राइवर के पास इतनी बड़ी संपत्ति और संसाधन आखिर कहां से और किस माध्यम से आए।

“चोर कर रहा बैंक की रखवाली” चंपत राय और नृपेंद्र मिश्रा पर सीधा हमला

ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा पर सीधा निशाना साधते हुए संतोष दुबे ने तंज कसा कि “बैंक की रखवाली ही अब चोर कर रहा है।” उन्होंने संघ परिवार पर चुटकी लेते हुए कहा कि संघ से जुड़े जिन लोगों को कभी उन्होंने खुद साइकिल खरीद कर दी थी, वे आज बड़ी-बड़ी फॉर्च्यूनर गाड़ियों से घूम रहे हैं।

इसके साथ ही, उन्होंने राम मंदिर चढ़ावे पर सवाल उठाने वाले महंत कमलनयन दास के बयान का खुलकर समर्थन किया। दुबे ने कहा, “पहली बार अयोध्या के किसी संत ने अच्छी बात कही है। कम से कम उनका जमीर तो जागा। वे सब कुछ गंवाकर होश में आए हैं, लेकिन अंत भला तो सब भला। अगर चंपत राय को अभी भी पद से हटा दिया जाए, तो अयोध्या की साख बच जाएगी; वरना ये लोग बीजेपी और विहिप को पूरी तरह डुबो देंगे।”

अयोध्या पर ‘बाहरी लोगों’ का कब्जा, गुजरात लॉबी पर निशाना

संतोष दुबे ने अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक मर्यादा को ठेस पहुंचाने का ठीकरा वीएचपी, बीजेपी और संघ के सिर फोड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि इस समय अयोध्या की मूल व्यवस्था पर बाहरी लोगों और ‘गुजरात लॉबी’ का पूरी तरह कब्जा हो चुका है।

दुबे ने भावुक होते हुए कहा, “माल कोई और काट रहा है और बदनामी मासूम अयोध्यावासियों के हिस्से आ रही है। मैंने कभी नहीं सोचा था कि अयोध्या में ऐसे दिन भी देखने पड़ेंगे। श्रद्धालुओं ने श्रद्धा से भगवान को सोना, चांदी और अरबों रुपये का चढ़ावा दिया, लेकिन इन लोगों ने भगवान के उस पैसे को भी नहीं बख्शा। धर्म के नाम पर खुली लूट मची है।”

चढ़ावे का हिसाब सार्वजनिक करने की मांग; ट्रस्ट की प्रतिक्रिया का इंतजार

धर्मसेना प्रमुख ने जोर देकर कहा कि भव्य मंदिर निर्माण के बाद से देश-विदेश के करोड़ों भक्तों द्वारा अर्पित किए गए सोने, चांदी और नकदी का कोई भी स्पष्ट और पूरा हिसाब जनता के सामने सार्वजनिक नहीं किया गया है।

गौरतलब है कि संतोष दुबे द्वारा लगाए गए इन बेहद संगीन आरोपों पर राम मंदिर ट्रस्ट, विश्व हिंदू परिषद या भाजपा से जुड़े किसी भी जिम्मेदार पदाधिकारी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान या खंडन सामने नहीं आया है। इन आरोपों में कितनी सच्चाई है, यह तो चल रही उच्च स्तरीय जांच और आधिकारिक तथ्यों के आने के बाद ही पूरी तरह साफ हो पाएगा।

Check Also

अब ‘कुबेर’ भी आना चाहते हैं जेवर! एयरपोर्ट के लिए जमीन देने वाले किसानों के बीच CM योगी का बड़ा ऐलान; वैश्विक बाजारों से सीधे जुड़ेंगे यूपी के किसान

लखनऊ। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) से कमर्शियल फ्लाइट्स की शुरुआत के साथ ही पश्चिमी उत्तर …