यूपी चुनाव से पहले भाजपा का बड़ा कदम: 22 जुलाई को सभी 403 विधानसभाओं में बूथ अध्यक्षों का औचक इम्तिहान

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों को धार देने के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने जमीनी स्तर पर बड़ी रणनीति तैयार की है। पार्टी 22 जुलाई को प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में एक साथ विशाल ‘बूथ सम्मेलन’ आयोजित करने जा रही है। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य चुनाव से पहले प्राथमिक इकाई यानी ‘बूथ’ की मजबूती, बूथ अध्यक्षों की सक्रियता और उनकी वास्तविक तैयारियों का प्रत्यक्ष जायजा लेना है।

औचक सत्यापन और प्लेकार्ड व्यवस्था से परखी जाएगी सक्रियता

भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री और कार्यक्रम के संयोजक दिलीप पटेल के अनुसार, सम्मेलनों के दौरान बूथ अध्यक्षों का औचक सत्यापन किया जाएगा। इसके तहत कुर्सियों पर नाम के स्थान पर बूथ संख्या दर्ज प्लेकार्ड लगाए जाएंगे। सम्मेलन के दौरान मंच से किसी भी बूथ नंबर के अध्यक्ष को अचानक बुलाकर बूथ प्रबंधन और चुनावी तैयारियों से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे। गैर-हाजिर रहने वाले बूथ अध्यक्षों की रिपोर्ट सीधे प्रदेश नेतृत्व को भेजी जाएगी, जिसके आधार पर निष्क्रिय पदाधिकारियों को बदलने की कार्रवाई हो सकती है।

सीएम योगी गोरखपुर और वरिष्ठ नेता अन्य जिलों में संभालेंगे कमान

22 जुलाई को होने वाले इस व्यापक अभियान में पार्टी का शीर्ष नेतृत्व स्वयं मैदान में रहेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने गृह जनपद गोरखपुर के बूथ सम्मेलन में शिरकत करेंगे। वहीं, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी सीतापुर के लहरपुर, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बरेली, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक शाहजहांपुर (जलालाबाद) तथा प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह वाराणसी में कमान संभालेंगे।

गोरखपुर को 23 जुलाई को सिक्सलेन फ्लाईओवर की सौगात

गोरखपुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 23 जुलाई को शहर के पहले और सबसे लंबे (2.6 किलोमीटर) ट्रांसपोर्टनगर-पैडलेगंज सिक्सलेन एलिवेटेड फ्लाईओवर का लोकार्पण भी करेंगे। 429 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित यह फ्लाईओवर शहर को यातायात की गंभीर समस्या से स्थाई राहत प्रदान करेगा।

Check Also

लखनऊ अलीगंज अग्निकांड: 15 मौतों वाली अवैध बिल्डिंग पर चला हथौड़ा, मालिक ने शुरू कराया ध्वस्तीकरण

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज (सेक्टर-डी) में हुए भीषण अग्निकांड की गवाह बनी …