
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में भले ही अभी समय बाकी हो, लेकिन प्रदेश का सियासी पारा अभी से चढ़ने लगा है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर एक बड़ा राजनीतिक हमला बोला है। राजभर ने दावा किया है कि आगामी 2027 के चुनाव में अखिलेश यादव अपने चाचा शिवपाल सिंह यादव का ही टिकट काटने जा रहे हैं।
‘सफाई अभियान’ के जरिए चाचा शिवपाल को बेटिकट करने की तैयारी
राजभर ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पोस्ट करते हुए लिखा कि सपा प्रमुख अपनी पार्टी से ‘परिवारवाद’ का ठप्पा हटाने के लिए एक विशेष सफाई अभियान चलाने की रणनीति बना रहे हैं। राजभर के मुताबिक, इस अभियान की पहली गाज उनके चाचा शिवपाल यादव पर गिरेगी और उन्हें चुनावी मैदान से बाहर कर दिया जाएगा। राजभर ने अखिलेश पर तंज कसते हुए कहा कि बुढ़ापे में चाचा शिवपाल के साथ ऐसा व्यवहार ठीक नहीं है और यदि वास्तव में सफाई करनी ही है, तो सैफई परिवार के बजाय कर्मठ कार्यकर्ताओं को मौका देना चाहिए।
सपा नेताओं पर जमीन कब्जाने का गंभीर आरोप
इससे पूर्व आजमगढ़ दौरे के दौरान ओपी राजभर ने सपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों पर भू-माफिया की तरह काम करने का आरोप लगाया था। राजभर ने कहा कि खाली पड़ी जमीन पर झंडा गाड़कर कब्जा करना सपाइयों का पुराना तरीका रहा है। उन्होंने सपा सांसद दरोगा प्रसाद सरोज पर 50 बीघा जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप लगाते हुए कहा कि फर्जी रजिस्ट्री के आधार पर किसी को जमीन हड़पने का अधिकार नहीं मिलता।
योगी सरकार में अवैध कब्जों पर सख्त कार्रवाई
कैबिनेट मंत्री ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार में कानून का शासन है और कोई भी व्यक्ति कानून से ऊपर नहीं है। पीड़ित पक्ष द्वारा मुख्यमंत्री कार्यालय में शिकायत के बाद मामले का संज्ञान लिया गया है। राजभर ने दावा किया कि निष्पक्ष जांच के बाद अवैध कब्जा करने वालों से जमीन मुक्त कराई जाएगी और दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।
The News 11 – Hindustan Newspaper, ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया