उत्तर प्रदेश में आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। इस बीच, प्रदेश सरकार में पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने ग्राम प्रधानों के लिए एक महत्वपूर्ण संकेत दिया है, जो प्रदेश के चुनावी समीकरणों पर बड़ा असर डाल सकता है। गाजीपुर में एक कार्यक्रम के दौरान राजभर ने यह स्पष्ट कर दिया कि चुनाव न होने की स्थिति में सरकार क्या कदम उठाने जा रही है।
ग्राम प्रधानों के लिए क्या है प्लान?
गाजीपुर में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ओपी राजभर ने कहा कि अगर त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव समय पर नहीं हो पाते हैं, तो सरकार ग्राम प्रधानों के नेतृत्व में प्रशासक नियुक्त करने की तैयारी कर रही है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को प्रस्ताव भेजा जा चुका है। मंत्री ने कहा, “प्रशासक की नियुक्ति को लेकर मुख्यमंत्री एक-दो दिन में अंतिम फैसला लेंगे, जो भी निर्णय होगा वह सर्वमान्य होगा।”
अब्बास अंसारी से किनारा और सपा पर निशाना
कार्यक्रम के दौरान जब उनसे सुभासपा के सिंबल पर जीते अब्बास अंसारी के भविष्य को लेकर सवाल किया गया, तो राजभर ने दो टूक जवाब देते हुए कहा कि अब्बास अंसारी अब समाजवादी पार्टी के विधायक हैं। जब उनसे पूछा गया कि क्या भविष्य में वे अब्बास अंसारी को फिर से अपनी पार्टी से चुनाव लड़ाएंगे, तो उन्होंने साफ इनकार करते हुए कहा, “कत्तई नहीं।”
इसके साथ ही उन्होंने अखिलेश यादव के ‘PDA’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “पीडीए का मतलब ‘परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी’ है। जब अखिलेश यादव मुख्यमंत्री थे, तब उन्हें न पीडीए याद आया और न ही पिछड़ों-दलितों की याद आई।”
गाजीपुर को मिली करोड़ों की सौगात
अपने दौरे के दौरान मंत्री ओपी राजभर ने क्षेत्र के विकास कार्यों पर भी जोर दिया। उन्होंने लगभग 38 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले मरदह-कासिमाबाद मार्ग के चौड़ीकरण और 4.12 करोड़ रुपये की लागत से मरदह बाईपास मार्ग के सुदृढ़ीकरण कार्य का शुभारंभ किया। राजभर ने कहा कि इन सड़कों की जर्जर हालत के कारण जनता लंबे समय से परेशान थी, जिसे देखते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से विशेष बजट स्वीकृत कराया है।
इसके अलावा, उन्होंने सिंगेरा गांव में अग्निशमन केंद्र की स्थापना और क्षेत्र में कस्तूरबा गांधी विद्यालय तथा आईटीआई कॉलेज के निर्माण की प्रगति पर भी जानकारी दी। उन्होंने दावा किया कि जहूराबाद विधानसभा क्षेत्र में गांवों को लिंक मार्गों से जोड़ने का कार्य रिकॉर्ड स्तर पर हुआ है।
The News 11 – ताज़ा हिंदी समाचार, ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया