संजय दत्त की बेटी त्रिशला दत्त ने हाल ही में एक पॉडकास्ट (‘इनसाइड थॉट्स आउट लाउड’) के दौरान अपने बचपन और पिता के संघर्षपूर्ण दिनों को याद किया। 1993 के मुंबई धमाकों के बाद संजय दत्त के जेल जाने और उस दौरान परिवार द्वारा झेले गए ट्रॉमा पर त्रिशला ने पहली बार इतने विस्तार से बात की है।
“वो वक्त बेहद मुश्किल था”
त्रिशला उस समय महज 5 साल की थीं जब उनके पिता संजय दत्त कानूनी मुश्किलों में घिरे थे। उन्होंने बताया कि उस वक्त पिता के साथ सामान्य तरीके से बातचीत कर पाना भी मुश्किल हो जाता था। त्रिशला ने कहा, “मैंने सब देखा है और सब पढ़ा है। वे (संजय दत्त) नशा, उससे बाहर आने की कोशिश और फिर जेल का लगभग तीन साल का लंबा सफर—इन सब से गुजरे। एक छोटी बच्ची के लिए यह सब समझ पाना और उससे निपटना आसान नहीं था।”
“पिता के लिए स्ट्रॉन्ग बनना मेरी प्राथमिकता थी”
जब दुनिया उनके परिवार को बिखरता देख रही थी, तब त्रिशला का फोकस सिर्फ अपने पिता का संबल बनने पर था। उन्होंने साझा किया, “बहुत से लोग शायद मेरा रिएक्शन देखना चाहते थे, लेकिन मेरा रिएक्शन यही था कि मुझे अपने पिता के लिए स्ट्रॉन्ग बनना है। मैं कभी भी अपने पिता से किसी भी बात के लिए नाराज नहीं हुई।”
त्रिशला ने यह भी स्वीकार किया कि इस पूरे ट्रॉमा के बीच उन्हें स्कूल और निजी जीवन में बुली (Bully) भी किया गया, जिससे उबरने में उन्हें सालों लग गए।
“लोग मना रहे थे जश्न”
त्रिशला ने उस वक्त की कड़वी सच्चाई साझा करते हुए कहा कि जब उनका परिवार संघर्ष कर रहा था, तब कई लोग उनके पिता के पतन का जश्न मना रहे थे। उन्होंने कहा, “बहुत से लोग थे जो यह चाहते थे कि वे (संजय दत्त) वापस जेल जाएं क्योंकि लोगों की अपनी राय थी। वे सब कुछ देख रहे थे और नकारात्मकता फैला रहे थे।”
“पिता को मुझ पर गर्व है”
इतने उतार-चढ़ाव के बाद आज त्रिशला और संजय दत्त का रिश्ता काफी मजबूत है। त्रिशला ने बताया कि उनके पिता कभी सीधे तौर पर तो नहीं, लेकिन घुमा-फिराकर अक्सर कहते हैं कि उन्हें अपनी बेटी पर बहुत गर्व है। संजय दत्त उन्हें हमेशा यही सलाह देते हैं कि, “तुमने अपनी जिंदगी में जो बदलाव लाया है और जितनी आगे आई हो, उस पर मुझे गर्व है। बस अपने काम पर फोकस रखो और अगर कभी मेरी जरूरत हो, तो मैं हमेशा तुम्हारे साथ हूं।”
अंत में, त्रिशला ने कहा कि अपने पिता के संघर्षों से उन्होंने सबसे बड़ी सीख यह ली है कि हमेशा जरूरतमंदों की मदद करनी चाहिए और कभी भी किसी को नीचा नहीं दिखाना चाहिए।
The News 11 – ताज़ा हिंदी समाचार, ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया