उत्तर प्रदेश के निवासियों के लिए भीषण गर्मी से राहत की बड़ी खबर है। राज्य में मॉनसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है, जिसके चलते बीते दो दिनों से यूपी के कई जिलों में बदरा जमकर बरस रहे हैं। मंगलवार को हुई झमाझम बारिश से पूरे प्रदेश का मौसम सुहावना हो गया है और तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम विभाग (IMD) के ताजा अनुमान के मुताबिक, यूपी में बारिश का यह सिलसिला रुकने वाला नहीं है। विभाग ने आने वाले वीकेंड तक यानी अगले 5 दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया है।
पश्चिमी यूपी में ‘बहुत भारी बारिश’ की चेतावनी
लगातार हो रही बारिश के बीच लखनऊ स्थित मौसम विभाग ने 12 जुलाई तक के लिए विशेष बुलेटिन जारी किया है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 8 से 10 जुलाई के बीच अनेक स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की प्रबल संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि इस दौरान पश्चिमी यूपी के कुछ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। आसमानी बिजली चमकने के साथ ही इस क्षेत्र में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी, जिनकी गति झोकों के समय 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
पूर्वांचल में वीकेंड पर दिखेगा मॉनसून का रौद्र रूप
पूर्वी उत्तर प्रदेश (पूर्वांचल) में भी बादलों के बरसने का सिलसिला लगातार जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, 8, 9 और 10 जुलाई को पूर्वी यूपी में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और 30 से 40 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
लेकिन असली बदलाव वीकेंड पर देखने को मिलेगा। 11 और 12 जुलाई को पूर्वांचल के कई हिस्सों में ‘भारी से बहुत भारी वर्षा’ का रेड/ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वीकेंड पर पूर्वी उत्तर प्रदेश में मॉनसून सबसे ज्यादा मेहरबान रहेगा, जबकि इस दौरान पश्चिमी यूपी के लिए कोई विशेष चेतावनी नहीं है।
बांदा और मेरठ में रिकॉर्ड तोड़ वर्षा
मौसम विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई शहरों में रिकॉर्ड बारिश दर्ज की गई है:
-
मेरठ: 68.2 मिलीमीटर (सबसे अधिक)
-
बांदा: 61.4 मिलीमीटर
-
वाराणसी (BHU): 32.2 मिलीमीटर
-
शाहजहांपुर: 24.0 मिलीमीटर
-
मुजफ्फरनगर: 20.8 मिलीमीटर
लगातार हो रही इस मानसूनी बारिश के कारण यूपी के प्रमुख शहरों में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से काफी नीचे आ गया है। बांदा में अधिकतम तापमान महज 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि इटावा में 32.6 डिग्री, कानपुर शहर में 33.6 डिग्री और राजधानी लखनऊ में पारा 34.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
The News 11 – ताज़ा हिंदी समाचार, ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया