IND A vs SL A: सुपर ओवर के महा-ड्रामा में हारी टीम इंडिया! अंपायरों से भिड़े तिलक वर्मा; मैच के बाद वैभव सूर्यवंशी की श्रीलंकाई खिलाड़ियों से तीखी बहस

नई दिल्ली/दांबुला। त्रिकोणीय ए-सीरीज (Try Nation A Series) के चौथे मुकाबले में सोमवार को इंडिया ‘ए’ और श्रीलंका ‘ए’ के बीच मैदान पर हाई-वोल्टेज ड्रामा और जबरदस्त रोमांच देखने को मिला। सांसे रोक देने वाले इस बेहद उतार-चढ़ाव भरे मैच का फैसला ‘सुपर ओवर’ (Super Over) के जरिए हुआ, जहां श्रीलंका ‘ए’ ने बाजी मारते हुए भारतीय टीम को करारी शिकस्त दी।

इस हार के साथ ही टूर्नामेंट में इंडिया ‘ए’ की राहें बेहद मुश्किल हो गई हैं, क्योंकि यह टीम इंडिया की लगातार दूसरी हार है। इससे पहले भारतीय टीम को अफगानिस्तान ‘ए’ के खिलाफ भी पराजय का मुंह देखना पड़ा था।

कम रोशनी का ड्रामा और मैदान पर अंपायरों से भिड़े कप्तान तिलक

मैच के अंत में मैदान पर उस समय जबरदस्त ड्रामा देखने को मिला जब 50-50 ओवरों का खेल खत्म होने के बाद दोनों टीमों का स्कोर बिल्कुल बराबर (टाई) हो गया। मैदान पर प्राकृतिक रोशनी काफी कम हो चुकी थी, जिसके चलते अंपायर शुरुआत में मैच को सुपर ओवर में ले जाने के बजाय ‘टाई’ पर ही खत्म करने पर अड़े हुए थे।

इस फैसले को लेकर भारतीय कप्तान तिलक वर्मा अंपायरों से लगातार तीखी बहस करते हुए नजर आए। काफी देर तक चले इस ड्रामे और दोनों कप्तानों से बातचीत के बाद आखिरकार अंपायरों को झुकना पड़ा और वे सुपर ओवर कराने के लिए राजी हो गए।

सुपर ओवर का रोमांच: श्रीलंका ने कूटे 16 रन, जवाब में भारत पस्त

सुपर ओवर में पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका ‘ए’ की ओर से अविष्का फर्नांडो और कप्तान सहान अराचिगे क्रीज पर आए। भारतीय गेंदबाज के इस ओवर में पहली गेंद पर 2 रन, दूसरी पर वाइड प्लस 2 रन, तीसरी पर 2 रन, चौथी पर 3 रन, पांचवीं गेंद पर करारा छक्का और आखिरी गेंद नो-बॉल रही, जिसके बाद फ्री-हिट पर 1 रन बना। इस तरह श्रीलंका ने सुपर ओवर में कुल 16 रन बनाकर भारत के सामने 17 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा।

जवाब में इंडिया ‘ए’ की ओर से सबसे भरोसेमंद युवा बल्लेबाज सूर्यांश शेडगे और वैभव सूर्यवंशी लक्ष्य का पीछा करने उतरे। पहली गेंद पर सूर्यांश ने 2 रन लिए, लेकिन दूसरी गेंद डॉट रही। तीसरी गेंद पर 1 रन और चौथी गेंद पर 2 रन बने। पांचवीं गेंद पर वैभव सूर्यवंशी ने शानदार चौका जड़ा, लेकिन अंतिम गेंद पर केवल 1 रन ही बन सका। भारतीय टीम सुपर ओवर में महज 9 रन ही बना सकी और श्रीलंका ने मैच जीत लिया। मैच खत्म होते ही मैदान पर एक बार फिर तनाव बढ़ गया और युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की श्रीलंकाई खिलाड़ियों के साथ तीखी कहासुनी (बहस) भी देखने को मिली।

सदीरा समरविक्रमा के 93 रनों से श्रीलंका ने बराबर किया स्कोर

इससे पहले 266 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका ‘ए’ की शुरुआत बेहद तूफानी रही। पेनल्टी के 5 रनों की बदौलत 5/0 से पारी शुरू करने वाली लंकाई टीम ने महज 4 ओवरों में बिना कोई विकेट खोए 46 रन कूट दिए। पांचवें ओवर की आखिरी गेंद पर निशांत सिंधु ने अविष्का फर्नांडो (22 रन) को आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद विशन हलंबगे (17 रन) और विकेटकीपर निरोशन डिकवेला (37 रन) को आयुष बदौनी ने अपना शिकार बनाया।

एक छोर पर सहान अराचिगे (8 रन) और अहान विक्रमसिंघे (6 रन) के सस्ते में आउट होने के बावजूद अनुभवी बल्लेबाज सदीरा समरविक्रमा क्रीज पर खूंटा गाड़कर खड़े रहे। उन्होंने 113 गेंदों में 93 रनों की बेहतरीन पारी खेली। उन्हें अरशद खान ने क्लीन बोल्ड किया। आखिरी ओवरों में वानुजा सहान ने 25 रनों का योगदान दिया, जिसके चलते श्रीलंकाई टीम 50 ओवर में 9 विकेट खोकर ठीक 265 रन ही बना सकी और मुख्य मैच टाई पर समाप्त हुआ।

निगम और शेडगे की ऐतिहासिक पारियों ने बचाई थी लाज

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंडिया ‘ए’ की शुरुआत बेहद खराब रही थी। इन-फॉर्म ओपनर वैभव सूर्यवंशी 21 रन और प्रभसिमरन सिंह महज 3 रन बनाकर जल्दी आउट हो गए। कप्तान तिलक वर्मा (23 रन) और उप-कप्तान रुतुराज गायकवाड़ (37 रन) ने पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन मध्यक्रम में स्पिनर्स के सामने भारतीय टीम ने घुटने टेक दिए। निशांत सिंधु (6 रन), आयुष बदौनी (15 रन) और अनुकूल रॉय (8 रन) के फ्लॉप होने से भारत ने 143 रन पर ही अपने 7 विकेट गंवा दिए थे।

इसके बाद मुंबई के सूर्यांश शेडगे और उत्तर प्रदेश के विप्रज निगम ने अपनी जुझारू बल्लेबाजी से ऐतिहासिक कारनामा किया। दोनों ही बल्लेबाजों ने अपने लिस्ट-ए (List-A) करियर का पहला अर्धशतक इसी दबाव वाले मैच में जड़ा। दोनों के बीच आठवें विकेट के लिए 104 रनों की शानदार शतकीय साझेदारी हुई। सूर्यांश शेडगे ने 66 गेंदों में 72 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जबकि विप्रज निगम 51 रन बनाकर रन आउट हुए। अंत में अरशद खान (2) और विजयकांत (18) के योगदान से भारतीय टीम 49.2 ओवर में 265 रनों के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच सकी थी।

Check Also

सूर्यांश शेडगे का ट्राई सीरीज में गदर! 3 मैचों में कूट दिए 138 रन; श्रीलंका के खिलाफ विप्रज निगम संग बचाई इंडिया ‘ए’ की लाज

दांबुला (श्रीलंका)। त्रिकोणीय ए-सीरीज (Try Nation A Series) में इंडिया ‘ए’ के उभरते हुए सितारे …