मुंबई। संगीतकार पलाश मुच्छल और भारतीय महिला क्रिकेटर स्मृति मंधाना के रिश्ते के खत्म होने के बाद उपजा विवाद अब कानूनी मोड़ ले चुका है। स्मृति के बचपन के दोस्त विज्ञान प्रकाश माने द्वारा पलाश पर लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद अब पलाश के वकील ने चुप्पी तोड़ी है। वकील ने इन सभी आरोपों को निराधार बताते हुए इन्हें केवल पब्लिसिटी पाने और दबाव बनाने का एक जरिया करार दिया है।
वकील का सवाल: 6 महीने बाद क्यों याद आई जातिसूचक टिप्पणी?
पलाश मुच्छल के वकील ने हालिया आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि शिकायतकर्ता के इरादे संदिग्ध हैं। उन्होंने सवाल उठाया, “अगर कथित घटना 22 नवंबर को हुई थी, तो हम अब मई में हैं। इतने महीनों तक कोई शिकायत क्यों नहीं की गई?” वकील के अनुसार, विज्ञान माने पहले केवल आर्थिक लेन-देन की बात कर रहे थे, लेकिन अचानक उन्होंने जातिसूचक टिप्पणी का मुद्दा छेड़ दिया। यह साफ तौर पर पब्लिसिटी पाने की कोशिश और पलाश की छवि खराब करने का प्रयास है।
‘मानहानि केस से बचने के लिए बनाया जा रहा है दबाव’
पलाश के कानूनी सलाहकार ने खुलासा किया कि बॉम्बे हाई कोर्ट ने विज्ञान माने को मानहानि के एक मामले में दो बार समन भेजा है, लेकिन वह पेश नहीं हुए। वकील ने दावा किया, “हम पर मानहानि का मुकदमा वापस लेने या समझौता करने के लिए दबाव बनाने के उद्देश्य से यह झूठा केस दर्ज कराया गया है। हम इसका जवाब कानूनी तरीके से देंगे।”
क्या है पलाश मुच्छल के खिलाफ ताजा शिकायत?
बुधवार को आई रिपोर्ट्स के मुताबिक, पलाश मुच्छल के खिलाफ सांगली-आस्था रोड स्थित एक टोल प्लाजा पर हुई कथित बहस के मामले में एससी-एसटी (SC/ST) एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता विज्ञान प्रकाश माने का आरोप है कि 22 नवंबर को एक बहस के दौरान पलाश ने उनके खिलाफ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया था। पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
स्मृति मंधाना को चीट करने के भी लगे थे आरोप
यह पहली बार नहीं है जब विज्ञान माने ने पलाश पर निशाना साधा है। इससे पहले उन्होंने दावा किया था कि पलाश और स्मृति की शादी टूटने की वजह पलाश की बेवफाई थी। माने ने आरोप लगाया था कि शादी के फंक्शन्स के दौरान पलाश को किसी दूसरी लड़की के साथ ‘रंगे हाथों’ पकड़ा गया था। इसके अलावा, माने ने पलाश पर 40 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए मामला भी दर्ज कराया है।
पलाश मुच्छल का रुख: ‘सब बकवास है’
इन तमाम आरोपों के बीच पलाश मुच्छल ने खुद को निर्दोष बताया है। उन्होंने इन दावों को पूरी तरह बकवास करार दिया है। फिलहाल, पलाश अपनी अपकमिंग फिल्मों और म्यूजिक प्रोजेक्ट्स पर ध्यान दे रहे हैं, वहीं दूसरी ओर उनके वकील कोर्ट में इन आरोपों को चुनौती देने की तैयारी कर रहे हैं।
The News 11 – ताज़ा हिंदी समाचार, ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया