मुंबई: बॉलीवुड सुपरस्टार रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर 2 सिनेमाघरों में धूम मचा रही है, लेकिन कुछ सिख संगठनों ने फिल्म और रणवीर के किरदार के खिलाफ नाराजगी जताई है। महाराष्ट्र के मुंबई में ‘सिख्स इन महाराष्ट्र’ नामक संगठन ने फिल्म के मेकर्स और लीड एक्टर रणवीर सिंह के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि फिल्म ने सिख समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाई है।
सिख प्रतीकों का कथित अपमान
शिकायत के अनुसार, फिल्म के एक पोस्टर में रणवीर सिंह को पगड़ी, लंबी दाढ़ी और कड़ा (कंगन) पहने हुए दिखाया गया है, जो सिख धर्म के पवित्र प्रतीक माने जाते हैं। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इस चित्रण से सिख समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
हाथ में सिगरेट और विवाद का कारण
फिल्म के एक सीन में रणवीर सिंह को हाथ में सिगरेट पकड़े हुए दिखाया गया है। इस दृश्य को लेकर भी शिकायत में आरोप लगाया गया कि यह सिख धर्म के अनुयायियों की भावनाओं के खिलाफ है। मजेदार बात यह है कि यह मामला फिल्म की रिलीज से पहले ही दर्ज कराया गया। बताया जा रहा है कि यह शिकायत 17 मार्च को मुलुंड पुलिस स्टेशन में दर्ज की गई थी।
पहले भी उठ चुके हैं विवाद
हाल ही में फिल्म के एक अन्य किरदार आर माधवन द्वारा निभाए गए अजय सान्याल के सीन को लेकर शिवसेना ने भी कड़ी आपत्ति जताई थी। उस समय एक्टर ने विवाद के बाद माफी भी मांगी थी। इस बीच, ‘धुरंधर 2’ की रिलीज के साथ ही ये विवाद सुर्खियों में बने हुए हैं और दर्शकों की दिलचस्पी को और बढ़ा रहे हैं।
The News 11 – ताज़ा हिंदी समाचार, ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया
