‘अराजकतावादियों से सख्ती से निपटेगी सरकार’, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने राहुल गांधी और अरविंद केजरीवाल को दी कड़ी चेतावनी

भारतीय राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी का दौर तेज हो गया है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल और सीजेपी (CJP) पर देश को अस्थिर करने का गंभीर आरोप लगाया है। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भाजपा अध्यक्ष ने दो टूक शब्दों में कहा कि विदेशी ताकतों के समर्थन से देश में अराजकता फैलाने की साजिश रची जा रही है, जिसे सरकार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि देश को कमजोर करने वाले ऐसे तत्वों से पूरी सख्ती के साथ निपटा जाएगा।

देश की प्रगति से जल रहे हैं विपक्ष के नेता: नितिन नवीन

नितिन नवीन ने मीडिया से बातचीत करते हुए आरोप लगाया कि राहुल गांधी और अरविंद केजरीवाल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश हो रहे चहुंमुखी विकास और प्रगति को पचा नहीं पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश और उसके 140 करोड़ नागरिकों को अस्थिर करने के लिए सोची-समझी साजिश रची जा रही है। भाजपा अध्यक्ष ने निशाना साधते हुए कहा कि देश में दो बड़े अराजक गुट सक्रिय हैं, जिनमें से एक का नेतृत्व ‘इंडिया’ गठबंधन के नेता राहुल गांधी कर रहे हैं और दूसरे का नेतृत्व अरविंद केजरीवाल तथा उनके सहयोगी कर रहे हैं। ये दोनों गुट आपसी होड़ में लगे हैं कि कौन ज्यादा अराजकता फैला सकता है।

विदेशी ताकतों के साथ मिलकर भारत को अस्थिर करने का लग रहा आरोप

नितिन नवीन ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि ये नेता अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने के लिए बिकाऊ राजनीति कर रहे हैं और विदेशी ताकतों के इशारे पर भारत को अस्थिर करने की कोशिश में जुटे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इनके ये मंसूब कभी कामयाब नहीं होंगे, क्योंकि देश की जनता इनकी चालों से पूरी तरह वाकिफ है। जब जनता ने इन्हें नकार दिया और लोकतंत्र ने इन्हें सजा दी, तब इन्होंने देश की जड़ों को कमजोर करने का षड्यंत्र रचना शुरू कर दिया। संविधान और लोकतंत्र की आड़ में झूठ फैलाना जनता के जनादेश का खुला अपमान है।

‘नया भारत’ शांति, सुरक्षा और प्रगति के मार्ग पर अग्रसर

भाजपा अध्यक्ष ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘न्यू इंडिया’ का सपना तेजी से साकार हो रहा है। पिछले 12 वर्षों में देश को भय के माहौल से पूरी तरह मुक्त कराया गया है और आतंकवाद तथा नक्सलवाद को जड़ से समाप्त किया गया है। उन्होंने राहुल गांधी को सीधे संबोधित करते हुए कहा कि उनकी राजनीति कभी सफल नहीं होगी। देश के सभी राष्ट्रवादी और देशभक्त नागरिक एकजुट होकर इनकी हर साजिश को नाकाम करेंगे। सरकार देश के भीतर या बाहर की किसी भी ऐसी ताकत को नहीं छोड़ेगी जो भारत की शांति और प्रगति में बाधा बनने की कोशिश करेगी।

Check Also

जंतर-मंतर मार्च के दौरान राष्ट्रीय राजधानी बनी छावनी, चप्पे-चप्पे पर भारी पुलिस बल की तैनाती

देश की राजधानी दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ और मतदाता सूची संशोधन प्रक्रिया …