बॉलीवुड की एवरग्रीन और दिग्गज अभिनेत्री मीना कुमारी को सिनेमा जगत में ‘ट्रैजेडी क्वीन’ के नाम से जाना जाता है। 50 और 60 के दशक में सफलता के शिखर पर मौजूद मीना कुमारी की अदाकारी का हर कोई लोहा मानता था। बड़े-बड़े फिल्ममेकर्स और सुपरस्टार्स उनके साथ काम करने के लिए तरसते थे। लेकिन इसी दौर में उनके साथ एक ऐसी दर्दनाक और शर्मनाक घटना घटी, जिसने पूरी फिल्म इंडस्ट्री को झकझोर कर रख दिया था। एक फिल्म के सेट पर डायरेक्टर ने अपनी बेइज्जती का बदला लेने के लिए मीना कुमारी को 31 बार थप्पड़ मरवाए थे।
डायरेक्टर की बदतमीजी और मीना कुमारी का करारा जवाब
यह पूरा विवाद एक फिल्म की शूटिंग के दौरान शुरू हुआ। मीना कुमारी उस फिल्म में बतौर लीड एक्ट्रेस काम कर रही थीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक दिन फिल्म के प्रोड्यूसर-डायरेक्टर ने मीना कुमारी के साथ लंच करने की इच्छा जताई और सेट पर एक बड़ी लंच टेबल सजाई गई। लंच के दौरान डायरेक्टर ने मर्यादा की सारी हदें पार करते हुए मीना कुमारी के साथ बदतमीजी करने की कोशिश की। वह मीना कुमारी के पैर पर अपना पैर रखकर बैठ गया और जबरन उनका हाथ पकड़ लिया। मीना कुमारी ने पहले तो शालीनता से इसका विरोध किया, लेकिन जब डायरेक्टर अपनी हरकतों से बाज नहीं आया, तो एक्ट्रेस ने उसे सेट पर ही एक जोरदार थप्पड़ जड़ दिया।
स्क्रिप्ट बदलकर जोड़ा सीन, 31 रिटेक का खौफनाक खेल
चूंकि मीना कुमारी उस फिल्म का अनुबंध (कॉन्ट्रैक्ट) साइन कर चुकी थीं, इसलिए कानूनी मजबूरियों के चलते वह फिल्म को बीच में नहीं छोड़ सकती थीं। वे रोज की तरह सेट पर शूटिंग के लिए आती रहीं। लेकिन थप्पड़ से बौखलाए डायरेक्टर के दिमाग में बदले की आग सुलग रही थी। उसने मीना कुमारी को प्रताड़ित करने के लिए रातों-रात फिल्म की स्क्रिप्ट बदल दी और उसमें एक थप्पड़ का सीन जोड़ दिया।
शूटिंग के दिन जब सीन शुरू हुआ, तो फिल्म के हीरो ने स्क्रिप्ट के मुताबिक मीना कुमारी को थप्पड़ मारा। लेकिन डायरेक्टर ने जानबूझकर ‘ओके’ नहीं बोला और परफेक्ट शॉट न होने का बहाना बनाकर रिटेक (Retake) की मांग की। डायरेक्टर के इशारे पर यह सिलसिला एक या दो बार नहीं, बल्कि पूरे 31 बार चला। हीरो ने मीना कुमारी को लगातार 31 थप्पड़ जड़े, जिससे उनका चेहरा और गाल पूरी तरह सूजकर लाल हो गए। इस मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना से टूट चुकीं मीना कुमारी तुरंत अपने मेकअप रूम में भाग गईं और वहां घंटों फूट-फूटकर रोती रहीं।
गुलजार के कारण पति के सेक्रेटरी ने भी जड़ा था थप्पड़
मीना कुमारी की निजी जिंदगी में थप्पड़ से जुड़ा यह इकलौता विवाद नहीं था। उनके वैवाहिक जीवन में भी एक ऐसा ही कड़वा मोड़ आया था। बताया जाता है कि एक बार उनके पति कमाल अमरोही के सेक्रेटरी बाकर अली ने सेट पर सबके सामने मीना कुमारी को थप्पड़ मार दिया था। दरअसल, यह विवाद मशहूर गीतकार और निर्देशक गुलजार के मीना कुमारी के मेकअप रूम में जाने को लेकर हुआ था, जिसे बाकर अली ने मर्यादा के खिलाफ माना। इस सरेआम हुई बेइज्जती और थप्पड़ के बाद मीना कुमारी का दिल अपने पति कमाल अमरोही से हमेशा के लिए खट्टा हो गया और उनका यह रिश्ता हमेशा के लिए टूट गया।
The News 11 – ताज़ा हिंदी समाचार, ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया