मनोरंजन डेस्क, नई दिल्ली: टीवी की दुनिया की मशहूर ‘अंगूरी भाभी’ यानी शिल्पा शिंदे इस समय सोशल मीडिया पर एक बड़े तूफान के बीच घिरी हुई हैं। 10 साल पहले ‘भाभी जी घर पर हैं’ के प्रोड्यूसर पर लगाए गए सेक्शुअल हैरेसमेंट (यौन उत्पीड़न) के आरोपों को खुद झूठा बताने के बाद शिल्पा नेटिजन्स के सीधे निशाने पर आ गई हैं। लोग उन्हें ट्रोल करने के साथ-साथ अब जेल भेजने और गिरफ्तार करने की मांग भी कर रहे हैं। इस भारी आक्रोश के बीच अब शिल्पा शिंदे ने खुद सामने आकर ट्रोल्स को करारा जवाब दिया है और साफ कहा है कि उन्हें दुनिया की परवाह नहीं है।
सच बोलने की मिली सजा, पीआर एजेंसी चला रही है कैंपेन?
शिल्पा शिंदे ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो जारी कर ट्रोलर्स पर तीखा हमला बोला है। वीडियो में शिल्पा ने कहा कि उन्हें पहले से पता था कि सच सामने आने के बाद लोग इसी तरह का रिएक्शन देंगे। उन्होंने किसी का नाम लिए बिना निशाना साधते हुए कहा कि इंटरनेट पर उनके खिलाफ एक सोची-समझी पीआर (PR) स्ट्रेटेजी के तहत कमेंट्स करवाए जा रहे हैं।
एक्ट्रेस ने भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया के पॉडकास्ट का जिक्र करते हुए कहा कि वहां भी लोग बिना पूरी स्थिति को समझे उनके खिलाफ जहर उगल रहे हैं। शिल्पा ने ट्रोल्स को चेताते हुए कहा, “जो बोओगे, वही काटोगे। जो लोग मेरी इतनी चिंता कर रहे हैं कि मैं ऐसी लड़की हूं, इसलिए मेरी अभी तक शादी नहीं हुई, वो कृपया मेरी नहीं बल्कि अपनी चिंता करें।”
‘घंटा मुझे आपकी नजरों में उठना है, मैं अपनी नजरों में उठी हूं’
सोशल मीडिया पर उठ रही गिरफ्तारी की मांग के बीच शिल्पा ने बेहद कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि उन्हें इस सच को सबके सामने लाने की कोई मजबूरी नहीं थी। वह 10 साल बाद भी आराम से काम कर रही थीं।
वीडियो में अपना गुस्सा जाहिर करते हुए शिल्पा ने कहा, “घंटा मुझे आप लोगों की नजरों में उठना ही नहीं है। मैं अपनी नजरों में उठी हूं क्योंकि वो झूठ, आखिर झूठ था। मुझे किसी ने दबाव नहीं डाला कि मैं सच बोलूं, लेकिन मैं खुद उस झूठ के बोझ के साथ जी नहीं पा रही थी। यह सच मुझे आज या कल दुनिया को बताना ही था।” शिल्पा ने आगे कहा कि जब कोई इंसान कुछ गलत नहीं करता, तो उसे किसी का डर नहीं होता है।
डिप्रेशन और सुसाइड के ख्यालों से गुजरी थीं शिल्पा, बिग बॉस का सुनाया किस्सा
वीडियो के एक हिस्से में शिल्पा शिंदे काफी भावुक भी नजर आईं। उन्होंने उस दौर के अपने मानसिक तनाव को साझा करते हुए बताया कि एक वक्त ऐसा था जब उनके मन में भी सुसाइड करने के ख्याल आते थे। उन्होंने कहा, “सॉरी बहुत छोटा शब्द है उस प्रोड्यूसर के लिए, लेकिन उस वक्त की परिस्थिति में मेरे पास कोई और रास्ता नहीं था। मैं खुद उस वक्त ऐसी मानसिक स्थिति में थी कि सुसाइड कर लूं।”
अपनी बात रखते हुए शिल्पा ने बिग बॉस के दिनों का एक भावुक किस्सा भी शेयर किया। उन्होंने बताया कि शो से बाहर आने के बाद उन्हें एक शख्स मिला था, जिसके पिता ने झूठे आरोपों के चलते सुसाइड कर लिया था और वह शख्स खुद भी जान देने जा रहा था। लेकिन बिग बॉस में शिल्पा का सफर देखकर उसने अपना इरादा बदल दिया। शिल्पा ने ट्रोल्स को आईना दिखाते हुए वीडियो के आखिरी हिस्से में मिडिल फिंगर (Middle Finger) दिखाकर अपना आक्रोश व्यक्त किया और साफ कर दिया कि उन्हें किसी के सपोर्ट की जरूरत नहीं है।
The News 11 – ताज़ा हिंदी समाचार, ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया