महाकाल की शरण में ‘अनुपमा’: भस्म आरती में शामिल हुईं रूपाली गांगुली, बोलीं- ‘जब भी विचलित होती हूं, बाबा ही थामते हैं हाथ’

उज्जैन। छोटे पर्दे की सबसे चहेती बहू ‘अनुपमा’ यानी एक्ट्रेस रूपाली गांगुली रविवार तड़के विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचीं। बाबा महाकाल के प्रति अपनी अटूट आस्था के लिए जानी जाने वाली रूपाली ने भस्म आरती में शिरकत की और भगवान शिव का आशीर्वाद लिया। लाल साड़ी में सजीं रूपाली नंदी हॉल में बैठकर पूरी तरह शिव भक्ति में लीन नजर आईं। इस दौरान उन्होंने अपने जीवन और करियर की सफलता का पूरा श्रेय बाबा महाकाल को दिया।

लाल साड़ी में भस्म आरती का लिया दिव्य आनंद

रूपाली गांगुली रविवार तड़के होने वाली विशेष भस्म आरती के दर्शन के लिए उज्जैन पहुंची थीं। पारंपरिक वेशभूषा (लाल साड़ी) में दिखीं एक्ट्रेस ने मंदिर के नियमों का पालन करते हुए भस्म आरती का अद्भुत अनुभव प्राप्त किया। पूजन के बाद मंदिर प्रबंध समिति की ओर से उप प्रशासक एस.एन. सोनी ने दुपट्टा भेंट कर उनका आदर-सत्कार किया। रूपाली ने नंदी हॉल में बैठकर काफी देर तक जाप किया और बाबा की आरती का आनंद लिया।

‘अनुपमा’ का मिलना था बाबा का चमत्कार

मीडिया से बात करते हुए भावुक स्वर में रूपाली ने कहा, “आज मैं जो कुछ भी हूं, वह सब बाबा महाकाल की ही कृपा है। साल 2020 में जब मैं पहली बार यहां आई थी, तभी मुझे चर्चित शो ‘अनुपमा’ के लिए कॉल आया था। मैं इसे बाबा का साक्षात आशीर्वाद मानती हूं।” उन्होंने आगे बताया कि वह हर दो महीने में बाबा के दरबार में हाजिरी लगाने की कोशिश करती हैं। इससे पहले वह जनवरी 2024 और 2025 में भी दर्शन के लिए आ चुकी हैं।

विचलित मन को यहीं मिलता है सुकून

अपनी निजी जिंदगी और मानसिक शांति पर बात करते हुए रूपाली ने कहा, “जब भी मैं जीवन में विचलित महसूस करती हूं या मन अशांत होता है, तो मैं सीधे बाबा के पास खिंची चली आती हूं। यहां की भस्म आरती का अनुभव इतना अलौकिक है कि उसे शब्दों में बयां करना नामुमकिन है।” उन्होंने अन्य श्रद्धालुओं से भी अपील की कि जीवन में एक बार महाकाल के दर्शन जरूर करें।

Check Also

‘हनुमान अंश’ के 54 करोड़ पार होते ही मेकर्स का सबसे बड़ा ऐलान: अब बड़े पर्दे पर आएगी नीम करोली बाबा की नई अनसुनी गाथा, डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी ने शुरू किया ‘पार्ट 2’ पर काम

बॉक्स ऑफिस पर 51 साल पुराने रिकॉर्ड्स को चकनाचूर कर भारतीय सिनेमा के इतिहास की …