
नीट (NEET-UG) विवाद के बाद अब देश में इथेनॉल मिश्रित E20 पेट्रोल नीति को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खुल गया है। आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने E20 नीति को वापस लेने की मांग को लेकर आक्रामक रुख अपनाया है। 1 अगस्त को दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में ‘National Town Hall Against E20’ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें ऑटोमोबाइल एक्सपर्ट्स, ट्रांसपोर्टर्स और प्रभावित वाहन मालिकों को आमंत्रित किया गया है। केजरीवाल के अनुसार, इस नीति के विरोध में शुरू की गई ऑनलाइन याचिका पर 2 लाख से अधिक लोग हस्ताक्षर कर चुके हैं। 1 अगस्त की बैठक के बाद इन सभी ज्ञापनों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सौंपने की योजना बनाई गई है।
4 अगस्त को संसद घेरेंगे ट्रांसपोर्टर्स; कांग्रेस ने उठाई केंद्रीय मंत्रियों की बर्खास्तगी की मांग
नीति के विरोध में दिल्ली टैक्सिस एंड टूरिस्ट ट्रांसपोर्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय सम्राट के नेतृत्व में प्रमुख ट्रांसपोर्ट यूनियनों ने 4 अगस्त को ‘संसद मार्च’ का ऐलान किया है। संजय सम्राट ने कहा कि देशभर से इथेनॉल ब्लेंडेड फ्यूल के कारण वाहनों के इंजन खराब होने की शिकायतें आ रही हैं, जिसके लिए सोए हुए सांसदों को जगाना जरूरी है। वहीं दूसरी ओर, उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी को तुरंत मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश के 35 करोड़ से अधिक वाहन चालकों की चिंताओं को दरकिनार कर सरकार E85 और E100 जैसे घातक ईंधन थोपने की दिशा में बढ़ रही है।
नितिन गडकरी का पलटवार: ‘एक भी गाड़ी का नाम बताओ जिसका इंजन E20 से खराब हुआ हो’
सोशल मीडिया पर E20 नीति के जरिए निजी वित्तीय लाभ कमाने के आरोपों पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। बॉम्बे हाईकोर्ट से गूगल, मेटा और एक्स के खिलाफ फर्जी/डीपफेक वीडियो और मानहानिकारक पोस्ट हटाने के आदेश मिलने के बाद गडकरी ने स्पष्ट किया कि इथेनॉल ब्लेंडिंग पॉलिसी पूरी केंद्र सरकार का सामूहिक निर्णय है। उन्होंने आलोचकों और विपक्षी दलों को सीधी चुनौती देते हुए कहा कि वे ऐसी एक भी प्रामाणिक गाड़ी का नाम सार्वजनिक करें जिसका इंजन E20 पेट्रोल के इस्तेमाल से पूरी तरह खराब हुआ हो।
The News 11 – Hindustan Newspaper, ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया