पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम में आगामी श्रीलंका दौरे से ठीक पहले एक बेहद चौंकाने वाला फैसला सामने आया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने अपनी स्टार ऑलराउंडर और कप्तान फातिमा सना (Fatima Sana) को श्रीलंका के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले कप्तानी की जिम्मेदारियों से मुक्त करने की मंजूरी दे दी है।
अमूमन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कोई भी कप्तान अपनी राष्ट्रीय टीम को बीच सीरीज में छोड़कर नहीं जाता, लेकिन पीसीबी का यह कदम सबको हैरान कर रहा है। दरअसल, बोर्ड ने यह फैसला इसलिए लिया है ताकि फातिमा इंग्लैंड में आयोजित होने वाली प्रतिष्ठित ‘द हंड्रेड’ (The Hundred League) लीग में अपनी फ्रेंचाइजी बर्मिंघम फोनिक्स (Birmingham Phoenix) के लिए मैदान पर उतर सकें।
श्रीलंका के खिलाफ वनडे खेल कर होंगी रवाना
पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम और श्रीलंका महिला क्रिकेट टीम के बीच 23 जुलाई 2026 से सीमित ओवरों की सीरीज की शुरुआत होने जा रही है। तय कार्यक्रम के अनुसार, फातिमा सना श्रीलंका के खिलाफ वनडे मुकाबलों में तो पाकिस्तान टीम की कप्तानी संभालेंगी।
लेकिन, जैसे ही 28 जुलाई को वनडे सीरीज समाप्त होगी, वे कप्तानी छोड़कर तुरंत इंग्लैंड दौरे के लिए उड़ान भरेंगी। इसी वजह से उन्हें श्रीलंका के खिलाफ होने वाली 3 मैचों की टेस्ट सीरीज की कप्तानी से हटाया गया है ताकि वे पूरी तरह इंग्लैंड लीग पर ध्यान केंद्रित कर सकें।
‘The Hundred’ में चुनी जाने वाली पहली पाकिस्तानी महिला क्रिकेटर
24 वर्षीय प्रतिभावान ऑलराउंडर फातिमा सना ने इतिहास रच दिया है। वह इंग्लैंड की ‘द हंड्रेड’ लीग के लिए चुनी जाने वाली पाकिस्तान की पहली महिला खिलाड़ी बनी हैं। पिछले महीने उन्हें ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी लुसी हैमिल्टन के रिप्लेसमेंट (विकल्प) के रूप में 15,000 पाउंड की मोटी रकम पर बर्मिंघम फोनिक्स टीम में शामिल किया गया था।
हालांकि, यह लीग 21 जुलाई से शुरू हो रही है, जिसके कारण पाकिस्तान के लिए वनडे मैच खेलने की वजह से फातिमा को बर्मिंघम फोनिक्स के शुरुआती दो मुकाबलों से चूकना पड़ेगा।
दुनियाभर की टी20 लीग में फातिमा का जलवा
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के अलावा दुनिया की तमाम बड़ी लीग्स में फातिमा अपनी गेंदबाजी और बल्लेबाजी का लोहा मनवा चुकी हैं। ‘द हंड्रेड’ उनके करियर की तीसरी बड़ी विदेशी लीग होगी। इससे पहले वह साल 2022 में वेस्टइंडीज की ‘महिला सीपीएल’ (WCPL) में बारबाडोस रॉयल्स के लिए और साल 2023 में न्यूजीलैंड की ‘सुपर स्मैश लीग’ में कैंटरबरी की तरफ से खेल चुकी हैं।
महिला टी20 विश्व कप 2026 में किया था कमाल का प्रदर्शन
हाल ही में समाप्त हुए महिला टी20 विश्व कप 2026 में पाकिस्तान टीम का प्रदर्शन बेहद साधारण और निराशाजनक रहा था। टीम अपने 5 मुकाबलों में से केवल 1 मैच जीत सकी और अंक तालिका में पांचवें स्थान पर रही।
लेकिन, इस फ्लॉप शो के बीच कप्तान फातिमा सना इकलौती ऐसी खिलाड़ी थीं, जिन्होंने अपने प्रदर्शन से दुनिया को प्रभावित किया। उन्होंने टूर्नामेंट में महज 6.95 की शानदार इकोनॉमी रेट से 11 विकेट चटकाए, जो उस विश्व कप में किसी भी तेज गेंदबाज द्वारा लिए गए सबसे ज्यादा विकेट थे।
The News 11 – ताज़ा हिंदी समाचार, ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया