साउथ सिनेमा के दिग्गज सुपरस्टार और वर्तमान में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय (Thalapathy Vijay) की आखिरी फिल्म ‘जन नायकन’ (Jana Nayakan) पिछले काफी समय से अपनी रिलीज को लेकर अधर में लटकी हुई है। फैंस इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, लेकिन अब फिल्म को लेकर एक ऐसा बड़ा अपडेट सामने आया है जिसने हर किसी को चौंका दिया है। लगातार हो रही देरी को देखते हुए खुद विजय ने एक बड़ा और कड़ा कदम उठाया है। उन्होंने फिल्म के प्रोडक्शन हाउस को आदेश दिया है कि वे उन सभी डिस्ट्रिब्यूटर्स के पैसे तुरंत रिफंड (वापस) कर दें, जो महीनों से इस फिल्म की रिलीज का इंतजार कर रहे हैं। इस फैसले के बाद फिल्म के भविष्य और उसकी रिलीज पर एक बड़ा सवालिया निशान खड़ा हो गया है।
6 महीने बाद भी सेंसर बोर्ड (CBFC) के क्लीयरेंस का इंतजार
फिल्म ‘जन नायकन’ की शूटिंग काफी समय पहले ही पूरी हो चुकी है। मेकर्स का प्लान था कि इस फिल्म को इसी साल जनवरी में पोंगल के खास मौके पर बड़े पर्दे पर उतारा जाए। लेकिन पोंगल बीतने के 6 महीने बाद भी फिल्म को अब तक सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) से क्लीयरेंस सर्टिफिकेट नहीं मिल पाया है। फिल्म कब रिलीज होगी, इसे लेकर सेंसर बोर्ड की तरफ से अब तक कोई साफ जवाब नहीं आया है। इसी अनिश्चितता को देखते हुए विजय ने केवीएन प्रोडक्शंस (KVN Productions) को डिस्ट्रिब्यूटर्स का पैसा लौटाने को कहा है।
प्रोड्यूसर्स बोले— ‘डिस्ट्रिब्यूटर्स को इस तरह लटका कर रखना सही नहीं’
केवीएन प्रोडक्शंस के बिजनेस हेड मोहन सुप्रिथ ने मीडिया से बातचीत में इस खबर की पुष्टि की है। उन्होंने कहा, “हम इस विषय पर लगातार चर्चा कर रहे हैं और आखिरकार हमने यह तय किया है कि हम फिल्म के डिस्ट्रिब्यूटर्स को उनका पैसा रिफंड कर देंगे। जब हम खुद इस बात को लेकर असमंजस में हैं कि फिल्म कब रिलीज होगी, तो ऐसे में डिस्ट्रिब्यूटर्स को लंबे समय तक लटका कर रखना बिल्कुल भी सही नहीं है।” बता दें कि इससे पहले भी जब फिल्म ऐन वक्त पर टली थी, तब डिस्ट्रिब्यूटर्स को एडवांस बुकिंग का अमाउंट भी दर्शकों को रिफंड करना पड़ा था।
ओटीटी डील हुई रद्द, एचडी प्रिंट लीक होने से मेकर्स को लगा था झटका
‘जन नायकन’ की राह में मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। कुछ समय पहले खबर आई थी कि ओटीटी जायंट अमेजन प्राइम वीडियो (Amazon Prime Video) ने इस फिल्म के डिजिटल राइट्स के लिए मेकर्स के साथ 120 करोड़ रुपये की भारी-भरकम डील की थी, लेकिन फिल्म की रिलीज में हो रही लगातार देरी की वजह से प्लेटफॉर्म ने इस एग्रीमेंट को ही टर्मिनेट (रद्द) कर दिया। मेकर्स ने कोर्ट को बताया था कि ओटीटी प्लेटफॉर्म उन्हें केस करने की धमकी भी दे रहा था। इसके अलावा, अप्रैल के महीने में इंटरनेट पर इस फिल्म का एचडी (HD) प्रिंट भी ऑनलाइन लीक हो गया था, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 15 लोगों को गिरफ्तार किया था।
तमिलनाडु में ही 150-200 करोड़ की कमाई का था अनुमान
मशहूर ट्रेड एनालिस्ट रमेश बाला के मुताबिक, विजय की इस आखिरी फिल्म को लेकर फैंस के बीच जो दीवानगी थी, उसे देखते हुए यह फिल्म अकेले तमिलनाडु बॉक्स ऑफिस से ही आसानी से 150 से 200 करोड़ रुपये का बिजनेस कर सकती थी। एच. विनोथ के निर्देशन में बनी इस फिल्म में विजय के साथ पूजा हेगड़े, ममिता बैजू, बॉबी देओल और प्रकाश राज जैसे दमदार कलाकार मुख्य भूमिकाओं में हैं।
राजनीति में पूरी तरह एंट्री लेने से पहले विजय ने अपने फिल्मी करियर को अलविदा कह दिया था। फैंस को उम्मीद थी कि यह फिल्म चुनावों से पहले रिलीज होगी, लेकिन ऐसा हो न सका। अब विजय के इस नए फैसले के बाद फैंस सोशल मीडिया पर लगातार ‘जन नायकन’ की रिलीज को लेकर अपनी चिंता और मांग जाहिर कर रहे हैं।
The News 11 – ताज़ा हिंदी समाचार, ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया