ग्लोबल स्टार राम चरण और बॉलीवुड ब्यूटी जाह्नवी कपूर की मच-अवेटीड ड्रामा फिल्म ‘पेद्दी’ (Peddi) सिनेमाघरों में रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर तो धमाल मचा रही है, लेकिन इसके साथ ही यह फिल्म एक बेहद गंभीर विवाद के चक्रव्यूह में भी फंस गई है। फिल्म में जाह्नवी कपूर के किरदार ‘अचियम्मा’ को पर्दे पर जिस तरह से पेश किया गया है, उसे लेकर दर्शकों ने मेकर्स की क्लास लगा दी है। फिल्म में जाह्नवी कपूर के ‘ओवर-सेक्शुअलाइजेशन’ (अत्यधिक कामुकता) और ‘ऑब्जेक्टिफिकेशन’ (वस्तुकरण) को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी बहस छिड़ गई है। चौतरफा आलोचनाओं के बीच, अब फिल्म के डायरेक्टर बुची बाबू सना ने सामने आकर इस पूरे विवाद पर अपनी सफाई पेश की है।
दर्शकों के इस कड़े रिएक्शन से हैरान हैं डायरेक्टर बुची बाबू सना
फिल्म के सीन्स को लेकर उपजे भारी विरोध पर बात करते हुए डायरेक्टर बुची बाबू सना ने अपनी हैरानी जताई है। उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा, “जाह्नवी कपूर के किरदार और फिल्म में राम चरण (पेड्डी) व अच्चियम्मा के बीच दिखाए गए रोमांस पर जिस तरह का विवाद खड़ा हुआ है, उसने मुझे और मेरी पूरी टीम को हैरान कर दिया है। मैंने अपने पूरे करियर में कभी नहीं सोचा था कि दर्शक इस रोमैंटिक सीन को लेकर इतने निगेटिव हो जाएंगे और इसे इस नजरिए से देखेंगे। हमारा इरादा कभी भी किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था।”
कैमरे के एंगल्स और ‘इच्छा के खिलाफ’ किसिंग सीन पर क्यों भड़के दर्शक?
दरअसल, सोशल मीडिया पर दर्शक इस बात को लेकर बेहद नाराज हैं कि फिल्म में जाह्नवी कपूर के किरदार को कोई गहराई या मजबूती देने के बजाय, कैमरे के अजीब एंगल्स और क्लोज-अप शॉट्स के जरिए महज एक ‘ग्लैमरस ऑब्जेक्ट’ (कामुक वस्तु) की तरह पेश किया गया है। लोगों का आरोप है कि कई मिनटों तक कैमरा सिर्फ उनके बॉडी पार्ट्स पर ही घूमता रहता है, जो कि बेहद आपत्तिजनक है।
इसके अलावा, फिल्म के एक रोमांटिक ट्रैक में ‘सहमति’ (Consent) को लेकर भी बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। एक सीन में राम चरण का किरदार, जाह्नवी (अचियम्मा) की मर्जी के खिलाफ जाकर उन्हें जबरन किस (Kiss) करता है। दर्शकों का कहना है कि आज के दौर के सिनेमा में इस तरह ‘जबरदस्ती के रोमांस’ को बढ़ावा देना बेहद शर्मनाक है।
डायरेक्टर ने मांगी माफी, बोले— ‘आगे से हम ज्यादा सावधानी बरतेंगे’
विवाद को बढ़ता देख डायरेक्टर बुची बाबू सना ने माना कि कहीं न कहीं चीजों को पेश करने में चूक हुई है। उन्होंने सफाई देते हुए कहा, “हमारी क्रिएटिव टीम का इस रिलेशनशिप को स्क्रीन पर दिखाने का जो ओरिजनल विजन था, वो असल में काफी अलग था। शुरुआत में हमारा मकसद सिर्फ राम चरण और जाह्नवी के बीच एक प्यारी और मजेदार रोमांटिक केमिस्ट्री को पर्दे पर उतारना था। लेकिन अब जब दर्शकों का ऐसा फीडबैक आया है, तो मैं यह भरोसा दिलाता हूं कि आगे से ऐसी संवेदनशील चीजें दिखाने में हम लोग ज्यादा सावधानी बरतेंगे और बेहतर तरीके से अपनी बात को सिनेमा के जरिए रखेंगे।”
जाह्नवी को थी इस ग्रैंड प्रोजेक्ट से बड़ी उम्मीद
‘पेद्दी’ फिल्म की बात करें तो बुची बाबू सना के निर्देशन में बनी इस भारी-भरकम फिल्म में राम चरण और जाह्नवी कपूर के साथ-साथ विजय सेतुपति, दिव्येंदु, शिवा राजकुमार और बोमन ईरानी जैसे दिग्गज कलाकार अहम किरदारों में हैं। यह जाह्नवी कपूर की राम चरण के साथ पहली फिल्म है और साउथ सिनेमा में अपने पैर जमाने के लिए जाह्नवी इस प्रोजेक्ट को लेकर बेहद एक्साइटेड थीं।
हालांकि, उनके किरदार को मिले इस विवादित रिस्पॉन्स ने उनके फैंस को भी निराश किया है। सोशल मीडिया पर कई लोग जाह्नवी कपूर के सपोर्ट में भी उतर आए हैं। उनका कहना है कि स्क्रीन पर कैमरा एंगल क्या होगा और सीन कैसा दिखेगा, यह पूरी तरह डायरेक्टर का विजन होता है, इसलिए इसमें जाह्नवी की कोई गलती नहीं बल्कि पूरी जिम्मेदारी फिल्म के निर्देशक की है।
The News 11 – ताज़ा हिंदी समाचार, ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया