ओटीटी (OTT) की दुनिया में अपनी बादशाहत कायम करने के बाद, पूर्वांचल की सबसे खतरनाक गद्दी की जंग अब बड़े पर्दे पर दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है। लंबे इंतजार के बाद मेकर्स ने आज यानी 25 जून को ‘मिर्जापुर: द मूवी’ का रोंगटे खड़े कर देने वाला टीजर रिलीज कर दिया है। बड़े पर्दे के हिसाब से तैयार किया गया यह टीजर एक्शन, खून-खराबे और दमदार डायलॉग्स से भरपूर है, जिसने रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है।
कालीन भैया का वही पुराना रुतबा और मुन्ना भैया की वापसी
टीजर की शुरुआत अखंडानंद त्रिपाठी उर्फ कालीन भैया (पंकज त्रिपाठी) के बेहद दमदार और कड़क अंदाज से होती है। कालीन भैया मंदिर में आरती करते हुए बैकग्राउंड वॉयसओवर में कहते हैं— “काबिल औलाद बड़ी मुश्किल से मिलती है… और कभी-कभी नहीं भी मिलती है।” इसके तुरंत बाद स्क्रीन पर अमर और अजेय कहे जाने वाले फैंस के चहेते मुन्ना भैया (दिव्येंदु शर्मा) की कड़क झलक देखने को मिलती है, जिसने फैंस की धड़कनें बढ़ा दी हैं। टीजर से साफ है कि फिल्म में एक बार फिर गुड्डू और मुन्ना की खूनी जंग बड़े पैमाने पर देखने को मिलेगी।
गुड्डू भैया का नया पैंतरा और जीतू भैया की सरप्राइज एंट्री
दूसरी तरफ, गुड्डू भैया (अली फजल) का भौकाल भी सातवें आसमान पर नजर आ रहा है। टीजर में गुड्डू भैया अपने वकील पिता (राजेश तैलंग) को यह समझाते दिख रहे हैं कि इतिहास गवाह है, गैंगस्टर हमेशा टॉप पर ही रहते हैं। यानी फिल्म में भी बाप-बेटे की वैचारिक जंग जारी रहेगी। लेकिन सबसे बड़ा सरप्राइज तब मिलता है जब स्क्रीन पर बबलू पंडित के रूप में ‘पंचायत’ फेम जीतेंद्र कुमार (जीतू भैया) की एंट्री होती है, जो इस बार कहानी को एक नया मोड़ देने वाले हैं।
विलेन के रूप में रवि किशन का खूंखार अवतार
इस बार मिर्जापुर की गद्दी की लड़ाई सिर्फ गुड्डू और कालीन भैया तक सीमित नहीं रहने वाली है। टीजर में भोजपुरी और बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता रवि किशन की एंट्री ने फैंस को सबसे बड़ा विजुअल ट्रीट दिया है। रवि किशन इस फिल्म में एक बेहद खतरनाक और खूंखार विलेन के रूप में नजर आ रहे हैं। उनके इस लुक और हाथ में बंदूक थामे अंदाज को देखकर कयास लगाए जा रहे हैं कि वह कालीन भैया और गुड्डू भैया दोनों के साम्राज्य के लिए सबसे बड़ा खतरा बनने वाले हैं।
सिनेमाघरों में इस दिन मचेगी ‘मिर्जापुर’ की तबाही
जैसे ही आधिकारिक चैनल पर टीजर ड्रॉप हुआ, फैंस ने कमेंट्स की बाढ़ ला दी। एक यूजर ने लिखा, “भौकाल लोडिंग…”, तो मुन्ना भैया के फैंस ने कमेंट किया, “लाल फूल, नीला फूल, मुन्ना भैया ब्यूटीफुल!” आपको बता दें कि गुरमीत सिंह के निर्देशन में बनी और फरहान अख्तर व रितेश सिधवानी द्वारा प्रोड्यूस की गई ‘मिर्जापुर द मूवी’ इसी साल 4 सितंबर को हिंदी और तेलुगु भाषाओं में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
बड़े पर्दे की सबसे ‘भौकाली’ स्टार कास्ट
फिल्म को ग्रैंड बनाने के लिए सीरीज के पुराने चेहरों के साथ-साथ कई नए एक्टर्स को जोड़ा गया है। इस फिल्म में पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु शर्मा, रसिका दुग्गल, श्वेता त्रिपाठी, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, अभिषेक बनर्जी और कुलभूषण खरबंदा जैसे आइकॉनिक सितारे तो नजर आएंगे ही, साथ ही रवि किशन, जीतेंद्र कुमार, मोहित मलिक, सुशांत सिंह, प्रमोद पाठक और सोनल चौहान जैसे दमदार कलाकार भी स्क्रीन शेयर करते दिखेंगे।
The News 11 – ताज़ा हिंदी समाचार, ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया