
केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस का एक सूत्रीय एजेंडा संसद की कार्यवाही में बाधा डालना और महत्वपूर्ण निर्णयों के समय व्यवधान पैदा करना रहा है। जनता से जुड़े मुद्दों पर सार्थक चर्चा करने और देशहित में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाने के बजाय कांग्रेस बार-बार संसद की कार्यवाही को बाधित करने का प्रयास करती है। यह लोकतांत्रिक व्यवस्था और देश की जनता की अपेक्षाओं के प्रति विपक्ष की गैर-जिम्मेदाराना सोच को दर्शाता है।
श्री मौर्य ने कहा कि विपक्षी दलों की राजनीति का केंद्र जनहित और विकास के मुद्दे नहीं, बल्कि किसी भी तरह सत्ता हासिल करना बन गया है। विपक्ष के तमाम दलों की राजनीति का एक साझा एजेंडा श्री राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद के चेहरे के रूप में स्थापित करना दिखाई देता है। उन्हें बार-बार लॉन्च करने की कोशिश की जाती है, लेकिन हर बार उनकी लॉन्चिंग विफल हो जाती है। विपक्षी दल कितनी भी कोशिश कर लें, जनता का विश्वास हासिल किए बिना प्रधानमंत्री पद का सपना पूरा नहीं हो सकता।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की जनता ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में विकास, सुशासन, पारदर्शिता और गरीब कल्याण की राजनीति को स्वीकार किया है। आज भारत वैश्विक मंच पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंच रहा है।
The News 11 – ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया