
लखनऊ, 31 अक्टूबर। लौह पुरुष भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को लोक भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति के चेक, टूलकिट और जॉब ऑफर लेटर वितरित किए। मुख्यमंत्री के हाथों सम्मान और सहायता प्राप्त कर लाभार्थियों के चेहरे खिल उठे। इस दौरान लाभार्थियों ने योगी सरकार की योजनाओं, पारदर्शी व्यवस्था, रोजगार के अवसरों और कानून-व्यवस्था में आए बदलावों की खुलकर सराहना की।
कभी नहीं सोचा था कि मुख्यमंत्री जी के हाथों ऑफर लेटर मिलेगा- लाभार्थी
लखीमपुर खीरी की नेहा यादव को हरियाणा में प्लास्टिक प्रोसेसिंग इंजीनियरिंग की कम्पनी में नौकरी का ऑफर लेटर मिला है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के हाथों जॉब ऑफर लेटर पाकर बेहद खुशी हो रही है। हरदोई की आकांक्षा तिवारी ने सिपेट लखनऊ से कोर्स किया और अब उन्हें हरियाणा की कम्पनी में नौकरी मिल गई है। उन्होंने कहा कि कभी नहीं सोचा था कि मुख्यमंत्री के हाथों ऑफर लेटर मिलेगा। यह उनकी पहली बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने युवाओं के लिए मुख्यमंत्री के प्रयासों की सराहना की। सीतापुर के विनय कुमार वर्मा ने बताया कि चार महीने का निशुल्क कोर्स करने के बाद उन्हें नौकरी का ऑफर मिला है।
योगी सरकार में माफियाराज खत्म, पारदर्शी व्यवस्था से कारोबारियों को मिल रहा आर्थिक संबल
वहीं, सुल्तानपुर के अजीत साहू को एमएसएमई योजना के तहत राइस मिल मैन्युफैक्चरिंग कारोबार के लिए 20 लाख रुपये का चेक मिला है। उन्होंने कहा कि इससे उनकी यूनिट को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। अजीत ने कहा कि पहले कारोबारियों को माफियाओं के फोन आते थे और पैसे की मांग की जाती थी, लेकिन योगी सरकार में माफियाराज और गुंडाराज खत्म होने से कारोबार का माहौल बदला है।
कृष्णा मेटल इंडस्ट्रीज लिमिटेड के पार्टनर लखनऊ निवासी अमन अग्रवाल को एल्युमिनियम बर्तन निर्माण के लिए पांच लाख रुपये की सहायता मिली। उन्होंने कहा कि योगी सरकार में पूरी प्रक्रिया पारदर्शी है। आवेदन के बाद सीधे बैंक खाते में पैसा आ गया है। सरकार उद्यमियों को हर स्तर पर सहयोग दे रही है।
सिलाई मशीन मिलने से संगीता बढ़ाएंगी कारोबार, अन्य महिलाओं को भी देंगी रोजगार
रायबरेली के दिलीप कुमार को फर्नीचर उद्योग के लिए टूलकिट मिली है। उन्होंने बताया कि वह करीब 12 वर्षों से इस काम से जुड़े हैं और प्रशिक्षण के बाद किट मिली है जिससे उनके कारोबार को विस्तार मिलेगा। बाराबंकी की संगीता को सिलाई मशीन की किट मिली। उन्होंने बताया कि वह पहले से दो-चार महिलाओं को रोजगार दे रही हैं। नई मशीन मिलने से काम बढ़ेगा और अन्य महिलाओं को भी रोजगार देने का अवसर मिलेगा। लखनऊ की अंजली गुप्ता को बूटिंग के काम के लिए पांच लाख रुपये का चेक मिला। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के हाथों सहायता मिलना सौभाग्य की बात है। आज महिलाएं पहले से अधिक सुरक्षित महसूस कर रही हैं और हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं।
The News 11 – Hindustan Newspaper, ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया