
केशव प्रसाद मौर्य ने प्रकाश पर्व दीपावली के पावन अवसर पर प्रभु श्रीराम की विधि-विधान एवं श्रद्धा-भाव से पूजा-अर्चना की तथा दीप प्रज्ज्वलित कर प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की मंगलकामना की। इस अवसर पर श्री मौर्य ने प्रभु श्रीराम के चरणों में शीश नवाकर प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और आरोग्य की कामना की। उन्होंने कहा कि दीपावली भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और आध्यात्मिक चेतना का अनुपम पर्व है। यह पर्व भगवान श्रीराम के चौदह वर्ष के वनवास के उपरांत अयोध्या आगमन और उनके राज्याभिषेक की पावन स्मृति से जुड़ा है। दीपावली हमें सत्य, धर्म, मर्यादा, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभु श्रीराम का जीवन आदर्श शासन, सामाजिक समरसता, जनकल्याण और मर्यादित आचरण का सर्वोच्च उदाहरण है। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार गरीबों, वंचितों, किसानों, युवाओं और महिलाओं के कल्याण तथा उत्तर प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए संकल्पित है। श्री मौर्य ने कामना की कि दीपावली का यह पावन पर्व प्रत्येक परिवार के जीवन में नई ऊर्जा, उमंग, उत्साह और सकारात्मकता का संचार करे। समाज में प्रेम, सद्भाव, एकता और भाईचारे की भावना और मजबूत हो तथा देश-प्रदेश निरंतर प्रगति और समृद्धि के पथ पर अग्रसर रहे।
रतन सिंह, सूचनाधिकारी, उपमुख्यमंत्री
The News 11 – Hindustan Newspaper, ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया