लखनऊ | लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे (NE-6) के किनारे रहने वाले हजारों परिवारों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। एक्सप्रेसवे के एलिवेटेड और फ्लाईओवर वाले हिस्सों पर अब वाहनों की तेज रफ्तार और हॉर्न का शोर घरों के अंदर नहीं पहुंचेगा। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने एक्सप्रेसवे के दोनों तरफ आधुनिक तकनीक वाले ‘ध्वनि रोधक बैरियर’ (Sound Barriers) लगाने का काम शुरू कर दिया है।
शहीद पथ वाली ‘एंटी विजिबल शीट’ से बेहतर है नई तकनीक
अभी तक लखनऊ के शहीद पथ जैसे रास्तों पर ‘एंटी विजिबल शीट’ का प्रयोग किया जाता था, जो केवल विजिबिलिटी को रोकने के काम आती थी, लेकिन उससे शोर कम नहीं होता था। नई तकनीक वाले ये बैरियर लगभग 10 फीट ऊंचे हैं और एल्युमिनियम व स्टील युक्त विशेष फ्रेम से बने हैं। इन फ्रेमों के अंदर फाइबर का इस्तेमाल किया गया है। इनमें बने छोटे-छोटे छेद शोर को सोख लेते हैं और ध्वनि को वापस उसी दिशा में भेज देते हैं, जिधर से वह आती है।
इन इलाकों को मिलेगा सबसे ज्यादा फायदा
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे की कुल लंबाई 62.7 किमी है। शोर रोकने वाले ये बैरियर मुख्य रूप से लखनऊ के एलिवेटेड हिस्सों पर लगाए जा रहे हैं:
-
सरोजनीनगर: स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) के गेट से दरोगा खेड़ा तक (1.74 किमी लंबा हिस्सा)।
-
दरोगाखेड़ा से बनी: यह हिस्सा 9.6 किमी लंबा है, जहां सघन आबादी वाले अपार्टमेंट और आवास स्थित हैं।
-
नादरगंज फ्लाईओवर: कानपुर से लखनऊ की ओर आने वाले 800 मीटर लंबे फ्लाईओवर पर भी ये बैरियर लगाए गए हैं।
हादसों के समय वरदान साबित होंगे ‘मीडियन ओपनिंग बैरियर’
एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा और आपातकालीन स्थितियों को ध्यान में रखते हुए हर 5 किलोमीटर पर मीडियन ओपनिंग बैरियर लगाए गए हैं।
-
क्यों है जरूरी: एक्सप्रेसवे के डिवाइडर काफी ऊंचे हैं। पहले किसी हादसे की स्थिति में एंबुलेंस को दूसरी तरफ जाने के लिए टोल प्लाजा तक जाना पड़ता था।
-
फायदा: अब आवश्यकता पड़ने पर इन बैरियर को खोलकर एंबुलेंस या राहत वाहन तुरंत दूसरी दिशा में मुड़ सकेंगे, जिससे घायलों को अस्पताल पहुंचाने में कीमती समय बचेगा।
एक नजर में एक्सप्रेसवे की खासियत
-
कुल लंबाई: 62.7 किमी।
-
ग्रीन फील्ड हिस्सा: 42 किमी (बनी से शुक्लागंज तक)।
-
डिजाइन स्पीड: 120 किमी प्रति घंटा।
-
तकनीक: फाइबर और एल्युमिनियम फ्रेम वाले साउंड एब्जॉर्बर।
The News 11 – ताज़ा हिंदी समाचार, ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया