
भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार और मशहूर गायक पवन सिंह अपनी गायकी और फिल्मों के अलावा अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। हाल ही में एक रियलिटी शो के दौरान पवन सिंह अपनी जिंदगी के सबसे बड़े और दर्दनाक हादसे को याद कर पूरी तरह टूट गए और कैमरे के सामने ही फूट-फूट कर रोने लगे। पवन सिंह ने अपनी पहली पत्नी नीलम सिंह की असामयिक मौत के उस खौफनाक मंजर को बयां किया, जब उन्होंने देर रात घर पहुंचकर कमरे का दरवाजा खोला था।
पवन सिंह का यह भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आते ही तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर उनके लाखों फैंस भी भावुक हो गए हैं।
‘भोजपुरी बवाल’ शो के प्रोमो में छलका पवन सिंह का दर्द
दरअसल, डिज़्नी+ हॉटस्टार के नए टॉक शो ‘भोजपुरी बवाल’ का एक नया प्रोमो जारी किया गया है। इस प्रोमो में पवन सिंह अपनी दिवंगत पहली पत्नी नीलम सिंह की तस्वीर को साफ करते, उस पर फूल-माला चढ़ाते और हाथ जोड़कर पूजा व आरती करते नजर आ रहे हैं।
बैकग्राउंड में उनकी शादी के कुछ अनदेखे वीडियो और तस्वीरें भी दिखाई दे रही हैं। पत्नी को याद करते हुए पवन सिंह बेहद भावुक अंदाज में कहते हैं— “मैंने अपने जीवन में देवी पाया था… खो दिया। ये हमारे जीवन की देवी जब से हमें मिलीं, तब से थीं, हैं और जब तक हमारे शरीर में जान रहेगी, यही हमारी जीवन हैं।”
‘दरवाजा खोला तो देखा कि दुनिया खत्म…’
उस काली रात का जिक्र करते हुए पवन सिंह ने बताया कि जब यह दुखद घटना घटी, तब वे काम के सिलसिले में बाहर थे। उन्होंने कांपती आवाज में कहा:
“मैं एक फिल्म की शूटिंग कर रहा था। घर आते-आते काफी लेट हो गया। मैं अंदर आया तो देखा कि हॉल का दरवाजा खुला हुआ है। हॉल क्रॉस किया और जैसे ही अपने रूम का दरवाजा खोला… तो देखा कि दुनिया खत्म। मैं अब नहीं बोल पाऊंगा सर…”
इतना कहते ही पवन सिंह का गला पूरी तरह रूंध गया, आंखें आंसुओं से भर गईं और वे फफक कर रो पड़े।
शादी के महज तीन महीने बाद ही उजड़ गई थी दुनिया
गौरतलब है कि पवन सिंह ने 1 दिसंबर 2014 को नीलम सिंह से शादी की थी, जो रिश्ते में उनके बड़े भाई की साली थीं। दोनों की शादी को अभी तीन महीने ही बीते थे कि 8 मार्च 2015 को मुंबई स्थित फ्लैट में नीलम ने आत्महत्या कर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली थी। शादी के कुछ ही समय बाद पत्नी के इस तरह चले जाने से पवन सिंह अंदर से पूरी तरह टूट गए थे।
पवन सिंह अक्सर अपनी पहली पत्नी नीलम की पुण्यतिथि और जन्मतिथि पर सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा कर उन्हें याद करते हैं और उन्हें अपने जीवन की ‘देवी’ मानते हैं। इस प्रोमो के सामने आने के बाद फैंस सोशल मीडिया पर कमेंट कर पवन सिंह को ढांढस बंधा रहे हैं और उनके प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं।
The News 11 – Hindustan Newspaper, ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया