
दिल्ली के जंतर-मंतर पर सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के अनशन को लेकर जारी देशव्यापी सियासी घमासान में अब उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की भी एंट्री हो गई है। समाजवादी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा केंद्र सरकार पर किए जा रहे तीखे हमलों का करारा जवाब देते हुए डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्ष पर ‘मुद्दाविहीन और नफरत की राजनीति’ करने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने सोनम वांगचुक के आंदोलन को विपक्ष द्वारा रचे गए झूठे भ्रमजाल का एक और नया प्रयोग करार दिया है।
“वामपंथी ढपली के साथ वांगचुक का अनशन भी एक झूठा सबूत”
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (Twitter) पर एक विस्तृत पोस्ट साझा कर विपक्ष के इरादों पर तीखे सवाल उठाए। उन्होंने सोनम वांगचुक के आंदोलन की तुलना शाहीन बाग और किसान आंदोलन से करते हुए लिखा:
“सत्ता से छिटके विपक्ष और उनके नेताओं की व्याकुलता अब पूरी तरह नफरत में बदल गई है। कुछ विशेष वर्गों को बरगलाकर कभी किसान आंदोलन, कभी शाहीन बाग, कभी सीएए (CAA) तो कभी घुसपैठ की झूठी राजनीति के साथ नए-नए प्रयोग करने से विपक्ष बाज नहीं आ रहा है। जनता ने उनकी हर कुत्सित चाल का हमेशा लोकतांत्रिक तरीके से माकूल जवाब दिया है। वामपंथी ढपली के साथ सोनम वांगचुक का अनशन भी उसी का एक झूठा जीता-जागता सबूत है। देश की जागरूक जनता अब विपक्ष के इस झूठे भ्रमजाल में फंसने के बजाय विकास, सुरक्षा और सुशासन के आधार पर अपने फैसले लेती है।”
लगातार तीन लोकसभा जीतों से सिद्ध हुआ पीएम मोदी पर भरोसा
डिप्टी सीएम ने दावा किया कि पिछले 12 सालों में देश की जनता का अटूट भरोसा भारतीय जनता पार्टी (BJP) और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल व गतिशील नेतृत्व पर लगातार मजबूत हुआ है। उन्होंने विपक्ष को आईना दिखाते हुए कहा कि लगातार तीन लोकसभा चुनावों में मिली ऐतिहासिक सफलता और अनेक राज्यों के विधानसभा चुनाव परिणाम इस बात का प्रत्यक्ष प्रमाण हैं कि देश की जनता केवल एनडीए (NDA) की नीतियों पर ही विश्वास करती है।
केशव प्रसाद मौर्य ने भाजपा के राजनीतिक सिद्धांतों को रेखांकित करते हुए कहा कि पार्टी का मूल मंत्र हमेशा से ‘व्यक्ति से बड़ा दल और दल से बड़ा देश’ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि डबल इंजन सरकार के विजन, मिशन, सुशासन और जनकल्याणकारी नीतियों के दम पर जिन राज्यों में भाजपा की सरकारें हैं, वे विकास की नई ऊंचाइयों को छू रही हैं और वहां की जनता दोबारा अवसर देने का मन बना चुकी है। वहीं, जिन राज्यों में विपक्ष सत्ता में है, वहां भी जनता अब परिवर्तन का संकल्प लेकर ‘कमल’ खिलाने के लिए तैयार बैठी है। उन्होंने अपने पोस्ट का अंत ‘तेरा वैभव अमर रहे मां, हम दिन चार रहें न रहें’ की राष्ट्रभक्ति भावना के साथ किया।
जंतर-मंतर पर नया बवाल: अभिजीत दीपके पर फेंकी गई स्याही
इस बीच, दिल्ली के जंतर-मंतर पर सोनम वांगचुक को हटाए जाने के विरोध में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अध्यक्ष अभिजीत दीपके के साथ एक अप्रिय घटना घटी है। धरना स्थल पर अचानक पहुंचे कुछ अज्ञात तत्वों ने दीपके के ऊपर नीली स्याही फेंक दी। इस हमले के बाद सीजेपी (CJP) चीफ अभिजीत दीपके ने पीछे हटने से साफ इनकार कर दिया। उन्होंने स्याही के दागों के साथ ही अपना विरोध प्रदर्शन जारी रखा और आक्रामक रुख अपनाते हुए कहा, “नीला मेरा रंग है…जय भीम!”। इस घटना के बाद जंतर-मंतर पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक कड़ा कर दिया गया है।
The News 11 – Hindustan Newspaper, ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया