पाकिस्तान की ‘फतह-5’ मिसाइल से बढ़ी टेंशन! 1000 किमी रेंज का दावा, दिल्ली समेत कई शहर बताए जा रहे जद में

इस्लामाबाद/नई दिल्ली। पाकिस्तान एक बार फिर अपनी सैन्य ताकत का प्रदर्शन करते हुए ‘फतह-5’ मिसाइल को लेकर सुर्खियों में है। पाकिस्तान इस लंबी दूरी की गाइडेड मिसाइल का परीक्षण करने की तैयारी कर रहा है और दावा कर रहा है कि यह अत्याधुनिक तकनीक से लैस है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस मिसाइल को खास तौर पर भारत के हाई वैल्यू टारगेट्स को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है।

क्या है फतह-5 मिसाइल की खासियत?

पाकिस्तानी सैन्य विश्लेषकों का दावा है कि ‘फतह-5’ मिसाइल स्टेल्थ तकनीक से लैस है, जिससे इसे रडार पर पकड़ना बेहद मुश्किल हो सकता है। यह मिसाइल लो-एल्टीट्यूड यानी कम ऊंचाई पर उड़ान भरने में सक्षम बताई जा रही है, जिससे यह दुश्मन के एयर डिफेंस सिस्टम को चकमा देकर अपने लक्ष्य तक पहुंच सकती है। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है और विशेषज्ञ इसे लेकर सतर्क नजरिया अपनाने की सलाह दे रहे हैं।

1000 किमी तक मार करने का दावा

रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘फतह-5’ की ऑपरेशनल रेंज करीब 1000 किलोमीटर तक हो सकती है। यह पाकिस्तान की पहले से मौजूद फतह सीरीज की मिसाइलों से कहीं ज्यादा ताकतवर बताई जा रही है।
जहां फतह-1 की रेंज लगभग 140 किमी और फतह-2 की 400 किमी है, वहीं फतह-4 की रेंज करीब 750 किमी बताई जाती है। ऐसे में फतह-5 को इस श्रृंखला की सबसे लंबी दूरी तक मार करने वाली मिसाइल माना जा रहा है।

भारत के लिए कितना बड़ा खतरा?

सैन्य जानकारों का मानना है कि अगर पाकिस्तान इस मिसाइल को सीमा के नजदीक तैनात करता है, तो भारत के कई प्रमुख शहर इसकी जद में आ सकते हैं। हालांकि, ऐसी स्थिति में भारत की निगरानी प्रणाली इसे समय रहते पहचान सकती है और कार्रवाई संभव है।दूसरी ओर, अगर इसे दूरस्थ क्षेत्र से लॉन्च किया जाता है, तो इसकी प्रभावी रेंज कम हो सकती है, जिससे खतरे का दायरा सीमित हो सकता है।

किन भारतीय शहरों पर मंडरा सकता है खतरा?

बताया जा रहा है कि इस मिसाइल की संभावित जद में भारत के कई सीमावर्ती और बड़े शहर आ सकते हैं। इनमें जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर, कारगिल, द्रास और तुरतुक शामिल हैं।पंजाब के अमृतसर, फिरोजपुर, फाजिल्का, लुधियाना, जालंधर और चंडीगढ़ भी इसकी पहुंच में बताए जा रहे हैं।राजस्थान के श्रीगंगानगर, जैसलमेर, बाड़मेर और जयपुर, गुजरात के कच्छ और लखपत, जबकि उत्तर प्रदेश के आगरा और दिल्ली-एनसीआर के कुछ हिस्से भी संभावित दायरे में बताए जा रहे हैं।

क्या है वास्तविक स्थिति?

हालांकि पाकिस्तान ने ‘फतह-5’ को लेकर बड़े-बड़े दावे किए हैं, लेकिन रक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि किसी भी नई मिसाइल प्रणाली की वास्तविक क्षमता परीक्षण और तैनाती के बाद ही स्पष्ट होती है। ऐसे में इस मिसाइल को लेकर फिलहाल सतर्कता और तथ्यों पर आधारित आकलन जरूरी है।

Check Also

Delhi SIR Supreme Court Hearing: दिल्ली में 33 लाख मतदाताओं को नोटिस पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, चुनाव आयोग से पूछा- क्या बिना सोचे-समझे मशीन से बांटे जा रहे नोटिस?

देश की राजधानी दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – …