चेन्नई। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में भारतीय टीम ने वो कर दिखाया जिसकी उम्मीद हर क्रिकेट प्रेमी कर रहा था। दक्षिण अफ्रीका से मिली हार के जख्मों पर मरहम लगाते हुए टीम इंडिया ने जिम्बाब्वे को 72 रनों से करारी शिकस्त दी। कोच गौतम गंभीर की आक्रामक रणनीति और कप्तान सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व में भारतीय शेरों ने चेपॉक के मैदान पर रनों का ऐसा सैलाब लाया कि वर्ल्ड कप इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर (256 रन) खड़ा कर दिया। 14 गगनचुंबी छक्कों ने गवाही दी कि भारत अब ‘डिफेंसिव’ नहीं, बल्कि ‘डिस्ट्रक्टिव’ मोड में है।
सेमीफाइनल की उम्मीदें बरकरार, टीम को मिले 3 ‘एक्स-फैक्टर’
यह जीत सिर्फ दो अंकों की नहीं थी, बल्कि वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाले आगामी ‘करो या मरो’ मुकाबले से पहले आत्मविश्वास की बहाली थी। इस मैच से भारत को तीन ऐसे खिलाड़ी मिले हैं जो कैरेबियाई टीम के खिलाफ भारत का सबसे बड़ा सुरक्षा कवच बनेंगे।
1. अभिषेक शर्मा: पावरप्ले के नए ‘सुल्तान’
टीम इंडिया को लंबे समय से पावरप्ले में जिस बेखौफ अंदाज की तलाश थी, वह अभिषेक शर्मा ने पूरी कर दी है। संजू सैमसन के साथ मिलकर अभिषेक ने महज 3.4 ओवर में 48 रन जोड़कर जिम्बाब्वे के गेंदबाजों की लाइन-लेंथ बिगाड़ दी। उन्होंने 30 गेंदों में 55 रनों (4 चौके, 4 छक्के) की पारी खेलकर साफ कर दिया कि वह बड़े मंच पर दबाव सोखने के लिए तैयार हैं।
2. तिलक वर्मा: मध्यक्रम का ‘साइलेंट किलर’
जब 15वें ओवर में टीम इंडिया 172 रन पर 4 विकेट गंवाकर थोड़े दबाव में दिख रही थी, तब तिलक वर्मा ने मोर्चा संभाला। तिलक ने आते ही हवाई हमले शुरू किए और मात्र 16 गेंदों में नाबाद 44 रन ठोक दिए। उनकी इस पारी ने दिखाया कि वह न केवल पारी बुन सकते हैं, बल्कि अंतिम ओवरों में रनों की गति को रॉकेट की रफ्तार भी दे सकते हैं।
3. हार्दिक पांड्या: फिनिशर ‘किंग’ की वापसी
हार्दिक पांड्या ने एक बार फिर दुनिया को बताया कि क्यों वे बेस्ट ऑलराउंडर हैं। तिलक वर्मा के साथ मिलकर उन्होंने महज 31 गेंदों में 84 रनों की नाबाद साझेदारी की। हार्दिक ने 23 गेंदों में 50 रनों की तूफानी पारी खेलकर भारत को 256 के विशाल स्कोर तक पहुंचाया। हार्दिक का लय में होना आगामी नॉकआउट मैचों के लिए सबसे बड़ी खुशखबरी है।
The News 11 – ताज़ा हिंदी समाचार, ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया
