Sonam Wangchuk Protest: सोनम वांगचुक के अनशन में पहुंचीं ‘लप्पू सा सचिन’ फेम मिथिलेश भाटी; शिक्षा मंत्री पर कसा तंज- ‘सिस्टम ही लप्पू हो गया है’

दिल्ली के जंतर-मंतर पर विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं (NEET/NET) में हुई कथित गड़बड़ियों और धांधली के खिलाफ सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक का अनिश्चितकालीन अनशन जारी है। शुक्रवार 17 जुलाई 2026 को उनके अनशन का 20वां दिन था। डॉक्टरों की गंभीर चेतावनियों के बावजूद वांगचुक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अड़े हुए हैं।

इस बीच, शुक्रवार को आंदोलन स्थल पर एक दिलचस्प नजारा देखने को मिला, जब सोशल मीडिया पर अपने एक पुराने डायलॉग से रातों-रात मशहूर हुईं मिथिलेश भाटी (मिथिलेश भाभी) भी सोनम वांगचुक के समर्थन में जंतर-मंतर पहुंच गईं।

“धर्मेंद्र प्रधान पर सवाल हुआ तो बोलीं- सिस्टम ही लप्पू हो गया है”

मिथिलेश भाटी वही महिला हैं, जिन्होंने कुछ साल पहले पाकिस्तान से नेपाल के रास्ते भारत आई सीमा हैदर के प्रेमी सचिन मीणा पर तंज कसते हुए “लप्पू सा सचिन है…” कहा था, जो महीनों तक सोशल मीडिया पर मीम और रील का हिस्सा बना रहा।

जंतर-मंतर पर जब मीडिया और वहां मौजूद लोगों ने मिथिलेश भाटी से केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और देश की परीक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल पूछा, तो उन्होंने अपने पुराने अंदाज को दोहराते हुए दोटूक कहा:

“यहाँ तो पूरा सिस्टम ही लप्पू हो गया है।”

मिथिलेश भाटी का यह बयान सुनते ही आंदोलन स्थल पर मौजूद छात्र और समर्थक ठहाके लगाकर हंसने लगे। उनका यह वीडियो इंस्टाग्राम और एक्स (पहले ट्विटर) पर तेजी से वायरल हो रहा है।

“20 जुलाई तक किसी भी कीमत पर जिंदा रहूंगा” – सोनम वांगचुक

दूसरी ओर, 20 दिनों से भूखे बैठे सोनम वांगचुक की शारीरिक स्थिति बेहद नाजुक हो चुकी है। डॉक्टरों ने बुलेटिन जारी कर चेतावनी दी है कि उनका उपवास अब जानलेवा मोड़ पर पहुंच गया है। पिछले 24 घंटों में उनका वजन 350 ग्राम और घट गया है, जिसके बाद आंदोलन की शुरुआत से लेकर अब तक उनका कुल 9.5 किलोग्राम वजन कम हो चुका है। वर्तमान में उनका वजन महज 56.55 किलोग्राम रह गया है।

गंभीर स्थिति के बावजूद समर्थकों को संबोधित करते हुए वांगचुक ने कहा:

“मैं बाहर से शारीरिक रूप से कमजोर जरूर दिख रहा हूं, लेकिन अंदर से मेरा संकल्प बहुत मजबूत है। मैं आप सभी को विश्वास दिलाता हूं कि मैं किसी भी कीमत पर 20 जुलाई 2026 तक जीवित रहूंगा। हमें 20 जुलाई को होने वाले संसद के शांतिपूर्ण मार्च (संसद चलो आंदोलन) के लिए अपनी पूरी ऊर्जा बचाकर रखनी है। हम सब मिलकर लोकतंत्र के मंदिर में देश के युवाओं की आवाज बुलंद करेंगे।”

28वें दिन भी जारी है ‘कॉजपा’ का प्रदर्शन, कांग्रेस का मिला साथ

जंतर-मंतर पर परीक्षाओं में धांधली के खिलाफ ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (कॉजपा) के बैनर तले चल रहा छात्र आंदोलन भी 28वें दिन में प्रवेश कर गया है। शुक्रवार सुबह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा भी सुबह-सुबह जंतर-मंतर पहुंचे और उन्होंने सोनम वांगचुक व अन्य अनशनकारी छात्रों से मुलाकात कर कांग्रेस पार्टी की ओर से पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया।

Check Also

महाराष्ट्र में नया सियासी घमासान: CM फडणवीस से बैठक पर भड़कीं डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार, सुनील तटकरे से पूछा ‘मुझे क्यों नहीं बताया?’

महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर बड़े बदलाव और आंतरिक खींचतान के संकेत मिल …