डिजिटल डेस्क, लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय (LU) ने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में कदम बढ़ाते हुए जनवरी-फरवरी 2026 सत्र के लिए स्नातक (UG) और परास्नातक (PG) ऑनलाइन कोर्सों में प्रवेश प्रक्रिया का बिगुल फूंक दिया है। ऐसे छात्र जो घर बैठे अपनी पढ़ाई पूरी करना चाहते हैं या जॉब के साथ डिग्री हासिल करना चाहते हैं, उनके लिए यह एक सुनहरा मौका है। विश्वविद्यालय ने न केवल प्रवेश पोर्टल खोल दिया है, बल्कि इस बार ‘ड्यूल डिग्री’ (Dual Degree) की विशेष सुविधा देकर छात्रों को बड़ी राहत दी है।
Dual Degree: एक ही समय में पूरी करें दो डिग्रियां
लखनऊ विश्वविद्यालय के सेंटर फॉर ऑनलाइन एंड डिस्टेंस एजुकेशन के निदेशक प्रोफेसर पीयूष भार्गव ने एक महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया कि अब छात्र ड्यूल डिग्री की सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। इसका मतलब है कि यदि कोई छात्र लखनऊ यूनिवर्सिटी या किसी अन्य संस्थान से रेगुलर (ऑफलाइन) मोड में पढ़ाई कर रहा है, तो वह साथ ही साथ LU के ऑनलाइन कोर्स में भी एडमिशन ले सकता है। इससे छात्रों का समय बचेगा और वे एक साथ दो अलग-अलग विषयों में विशेषज्ञता हासिल कर सकेंगे।
इन लोकप्रिय कोर्सों में मिलेगा प्रवेश
विश्वविद्यालय ने रोजगारपरक और पारंपरिक दोनों तरह के कोर्सों की सूची जारी की है। छात्र निम्नलिखित विषयों में आवेदन कर सकते हैं:
-
कॉमर्स व मैनेजमेंट: B.Com, BBA, MBA (फाइनेंशियल मैनेजमेंट), MBA (मार्केटिंग), M.Com (मार्केटिंग), M.Com (फाइनेंस एंड एकाउंटिंग)।
-
मानविकी व कला: M.A (इंग्लिश), M.A (इकोनॉमिक्स), M.A (पॉलिटिकल साइंस), M.A (संस्कृत) और MSW (मास्टर ऑफ सोशल वर्क)।
आवेदन प्रक्रिया: 250 रुपये में कराएं पंजीकरण
ऑनलाइन कोर्स में प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया को काफी सरल रखा गया है। इसके लिए इच्छुक अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट www.luonlineeducation.in पर जाकर फॉर्म भर सकते हैं।
-
सबसे पहले अभ्यर्थी को डिस्टेंस एजुकेशन ब्यूरो (DEB) आईडी और एबीसी (ABC) आईडी बनानी होगी।
-
इसके बाद विश्वविद्यालय के ऑनलाइन पोर्टल पर पंजीकरण करना होगा।
-
आवेदन शुल्क मात्र 250 रुपये निर्धारित किया गया है, जिसे ऑनलाइन माध्यम से जमा किया जा सकता है।
The News 11 – ताज़ा हिंदी समाचार, ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया
