NEET & Student Protest: छात्रों के आंदोलन में राजनीति गलत, मायावती बोलीं- सरकार और आंदोलनकारी मिलकर निकालें हल

लखनऊ । नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट (NEET) परीक्षा और पेपर लीक मामलों को लेकर जारी छात्र आंदोलन पर बहुजन समाज पार्टी (BSP) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने बड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ (ट्विटर) पर पोस्ट कर छात्रों के मसले में राजनीतिक दलों की दखलंदाजी को अनुचित बताया और कहा कि इस संवेदनशील मुद्दे के राजनीतिकरण से स्थिति और अधिक जटिल हो गई है।

पेपर लीक और राम मंदिर दान चोरी भ्रष्टाचार का नतीजा

मायावती ने कहा कि नीट समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और धांधली से लाखों छात्र-छात्राओं और उनके परिवारों का भविष्य अंधकार में लटक गया है। इसके साथ ही उन्होंने अयोध्या के श्रीराम मंदिर में चढ़ावे की चोरी के मामले का जिक्र करते हुए कहा कि चाहे धार्मिक स्थल हों या प्रतियोगी परीक्षाएं, यह सब व्यवस्था में गहराते भ्रष्टाचार का नतीजा है। बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा बताई गई ‘संवैधानिक नैतिकता’ का पालन न होना देश को दीमक की तरह खोखला कर रहा है।

सड़क से संसद तक टकराव ठीक नहीं, संवाद से निकले समाधान

बसपा प्रमुख ने सरकार, न्यायपालिका और संवैधानिक संस्थाओं से अपील की है कि वे देशहित में इस गंभीर मुद्दे पर तुरंत हस्तक्षेप करें। उन्होंने कहा कि छात्र आंदोलन का सड़क से संसद तक राजनीतिक टकराव और हिंसा में बदलना किसी भी दृष्टि से उचित नहीं है। मायावती ने केंद्र सरकार और आंदोलनकारी छात्रों से आपसी बातचीत के जरिए जल्द से जल्द शांतिपूर्ण समाधान निकालने का आग्रह किया है।

Check Also

Loan Insurance Forced Selling Banned: लोन के साथ जबरन इंश्योरेंस बेचने का खेल खत्म! IRDAI ने जारी किया कड़ा ड्राफ्ट नियम, रुकेगी मिस-सेलिंग

बैंक या गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों (NBFCs) से होम लोन, कार लोन या पर्सनल लोन लेते …