
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में अवैध निर्माण और प्लॉटिंग के खिलाफ सख्त अभियान के बीच बुधवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) की टीम जब अवैध निर्माण गिराने पहुंची तो उस पर हमला कर दिया गया। मोहनलालगंज क्षेत्र में सरकारी कार्रवाई का विरोध करते हुए कुछ लोगों ने न सिर्फ हाथापाई की बल्कि जेसीबी और सरकारी वाहनों पर पथराव भी किया। इस दौरान एक चालक के घायल होने की भी सूचना है।
मोहनलालगंज में ध्वस्तीकरण के दौरान बवाल
जानकारी के अनुसार एलडीए की प्रवर्तन टीम मोहनलालगंज के पूरनपुर गांव, नगराम रोड पर अवैध रूप से बन रही दुकानों को गिराने पहुंची थी। करीब 2000 वर्ग फीट में बिना नक्शा पास कराए निर्माण किया जा रहा था। सक्षम प्राधिकारी की अदालत से ध्वस्तीकरण आदेश जारी होने के बाद 18 फरवरी को कार्रवाई तय की गई थी।
जैसे ही टीम ने कार्रवाई शुरू की, मौके पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए और विरोध करने लगे। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और कुछ उपद्रवियों ने टीम के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। विभागीय दस्तावेज छीनने की कोशिश की गई और जेसीबी मशीन पर पथराव कर दिया गया।
अधिकारियों के निर्देश पर दर्ज होगी एफआईआर
घटना की सूचना मिलते ही अन्य प्रवर्तन जोन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया गया। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने मामले को गंभीर बताते हुए आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। अवर अभियंता की ओर से मोहनलालगंज थाने में तहरीर दी गई है। प्रशासन का कहना है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
काकोरी में 30 बीघा अवैध प्लॉटिंग पर बुलडोजर
इधर राजधानी के अन्य हिस्सों में भी अवैध प्लॉटिंग पर बड़ा एक्शन लिया गया। एलडीए ने काकोरी क्षेत्र में लगभग 30 बीघा जमीन पर विकसित की जा रही 9 अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया। लंबे समय से बिना स्वीकृति जमीन काटकर प्लॉट बेचे जा रहे थे। बुलडोजर कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा।
अमीनाबाद और हुसैनगंज में दो निर्माण सील
सिर्फ प्लॉटिंग ही नहीं, बल्कि व्यावसायिक अवैध निर्माण पर भी शिकंजा कसा गया। अमीनाबाद और हुसैनगंज इलाके में दो अवैध व्यावसायिक भवनों को सील कर दिया गया। एलडीए अधिकारियों का कहना है कि राजधानी में अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी सूरत में नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
राजधानी में लगातार हो रही बुलडोजर कार्रवाई से साफ है कि प्रशासन अवैध कब्जों और बिना अनुमति निर्माण के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है। हालांकि टीम पर हुए हमले ने सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल भी खड़े कर दिए हैं।
The News 11 – ताज़ा हिंदी समाचार, ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया