Chest Pain vs Heart Attack: सीने में दर्द उठते ही मन में डर आना स्वाभाविक है। अक्सर लोग एंग्जायटी (घबराहट) के कारण होने वाले दर्द को हार्ट अटैक समझ लेते हैं या फिर इसके विपरीत, हार्ट अटैक के लक्षणों को मामूली घबराहट मानकर नजरअंदाज कर देते हैं। हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार, इन दोनों स्थितियों के बीच के बारीक अंतर को समझना किसी की जान बचा सकता है।
एंग्जायटी (घबराहट) में सीने का दर्द
घबराहट या पैनिक अटैक के दौरान होने वाला दर्द सीने में एक चुभन जैसा महसूस होता है।
-
प्रकृति: यह दर्द सीने के किसी एक विशिष्ट हिस्से तक सीमित रहता है।
-
लक्षण: इसके साथ तेज सांसें चलना, पसीना आना और घबराहट महसूस होना सामान्य है।
-
राहत: यदि आप शांति से बैठें, गहरी सांसें लें या थोड़ा टहलें, तो यह दर्द धीरे-धीरे कम होने लगता है।
हार्ट अटैक में सीने का दर्द
हार्ट अटैक का दर्द एंग्जायटी से काफी अलग और अधिक गंभीर होता है।
-
प्रकृति: इसमें सीने में भारीपन, जकड़न या ऐसा दबाव महसूस होता है जैसे छाती पर कोई भारी वजन रखा हो।
-
दर्द का फैलाव: यह दर्द केवल सीने तक सीमित नहीं रहता, बल्कि यह कंधों, जबड़ों, गर्दन, पीठ और बाएं हाथ तक फैलने लगता है।
-
लक्षण: सांस फूलना, जी मिचलाना, चक्कर आना, ठंडा पसीना आना और अचानक अत्यधिक कमजोरी महसूस होना इसके मुख्य संकेत हैं।
-
तीव्रता: यह दर्द आराम करने या गहरी सांस लेने से कम नहीं होता, बल्कि समय के साथ और भी बढ़ता जाता है।
किसे है अधिक खतरा?
यदि आपको हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, कोलेस्ट्रॉल, मोटापा या हृदय संबंधी बीमारियों की समस्या है, तो सीने के दर्द को कभी भी हल्के में न लें। इसके अलावा, धूम्रपान करने वाले और जिनकी फैमिली हिस्ट्री में दिल की बीमारी रही है, उन्हें विशेष रूप से सतर्क रहने की आवश्यकता है।
इमरजेंसी में डॉक्टर के पास कब जाएं?
अगर दर्द लगातार बढ़ रहा है और शरीर के अन्य हिस्सों (जैसे हाथ, जबड़े, पीठ) में फैल रहा है, तो बिना देरी किए अस्पताल पहुंचें। यदि आपको निम्नलिखित संकेत दिखें तो तुरंत मेडिकल सहायता लें:
-
सांस लेने में अत्यधिक कठिनाई होना।
-
अचानक ठंडा पसीना आना और बेहोशी महसूस होना।
-
जी मिचलाना या उल्टी होना।
विशेष सलाह: यदि आपको जरा भी संदेह है, तो इसे केवल ‘घबराहट’ मानकर घर पर न बैठें। एंग्जाइटी और हार्ट अटैक के बीच का अंतर हमेशा किसी प्रोफेशनल डॉक्टर से ही जांच करवाना सबसे सुरक्षित विकल्प है।
The News 11 – ताज़ा हिंदी समाचार, ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया