नई दिल्ली। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बीच टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह (Rinku Singh) पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। कैंसर से जूझ रहे उनके पिता के निधन के बाद पूरे देश के क्रिकेट प्रेमी शोक में हैं। शुक्रवार को जब रिंकू अपने गृहनगर अलीगढ़ के लिए रवाना हुए, तो सोशल मीडिया पर प्रशंसकों के मन में यह सवाल उठने लगा कि क्या वह वर्ल्ड कप के इस निर्णायक मोड़ पर टीम का हिस्सा बने रहेंगे? अब बीसीसीआई (BCCI) ने इस पर स्थिति साफ कर दी है।
निजी दुख के बावजूद देश के लिए लौटेंगे रिंकू
रिंकू सिंह के पिता लंबे समय से लीवर कैंसर से पीड़ित थे। गुरुवार को जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच के दौरान रिंकू बतौर एक्स्ट्रा फील्डर मैदान पर मुस्तैद थे, लेकिन शुक्रवार सुबह पिता के निधन की खबर मिलते ही वह अंतिम संस्कार के लिए अलीगढ़ रवाना हो गए। बीसीसीआई के अधिकारियों और बोर्ड सचिव ने रिंकू के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। बोर्ड ने साफ किया है कि रिंकू पिता के अंतिम संस्कार की रस्में पूरी कर कल शनिवार को दोबारा टीम इंडिया के साथ जुड़ जाएंगे।
वेस्टइंडीज के खिलाफ ‘क्वार्टर फाइनल’ की चुनौती
रविवार को भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाला मुकाबला किसी क्वार्टर फाइनल से कम नहीं है। इस ‘करो या मरो’ मैच को जीतने वाली टीम सीधे सेमीफाइनल का टिकट कटाएगी। ऐसे में रिंकू सिंह जैसे मैच फिनिशर की मौजूदगी टीम इंडिया के लिए मानसिक और तकनीकी रूप से बहुत महत्वपूर्ण है। बीसीसीआई ने खिलाड़ी की मानसिक स्थिति को समझते हुए उन्हें पूरा सहयोग दिया है और रिंकू ने भी इस कठिन समय में अपने कर्तव्य को प्राथमिकता दी है।
अस्पताल से मैदान तक का संघर्ष
बता दें कि रिंकू के पिता का कैंसर अंतिम चरण में था। कुछ दिन पहले भी पिता की तबीयत बिगड़ने पर रिंकू नोएडा अस्पताल पहुंचे थे, जहां 6 घंटे बिताने के बाद वह वापस टीम कैंप लौट आए थे। उनकी खेल के प्रति यह प्रतिबद्धता दिखाती है कि वह टीम इंडिया के लिए कितने समर्पित हैं। करोड़ों प्रशंसक अब उनके पिता को श्रद्धांजलि देने के साथ-साथ रिंकू के मैदान पर वापसी करने की दुआ कर रहे हैं।
The News 11 – Hindustan Newspaper, ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया
