मुंबई, खेल डेस्क: वानखेड़े स्टेडियम की वो शाम और करोड़ों भारतीयों की धड़कनें! टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में जो कुछ भी हुआ, उसने क्रिकेट इतिहास के पन्नों में एक नया अध्याय लिख दिया है। टीम इंडिया ने डिफेंडिंग चैंपियन इंग्लैंड को 7 रनों से धूल चटाकर फाइनल में प्रवेश कर लिया है, जहाँ अब 8 मार्च को खिताबी भिड़ंत न्यूजीलैंड से होगी। लेकिन इस जीत के असली हीरो सिर्फ मैदान पर दौड़ते खिलाड़ी नहीं, बल्कि बाउंड्री के बाहर बैठे ‘चाणक्य’ गौतम गंभीर और कप्तान सूर्यकुमार यादव की वो रणनीतियां रहीं, जिन्होंने बटलर सेना के होश फाख्ता कर दिए।
मास्टरस्ट्रोक 1: शिवम दुबे का ‘नंबर-4’ अवतार और रशीद की धुलाई
मैच उस मोड़ पर था जहाँ इंग्लैंड के लेग स्पिनर आदिल रशीद अपनी फिरकी से भारतीय बल्लेबाजों को बांध रहे थे। तभी डगआउट से गौतम गंभीर ने एक ऐसा दांव खेला जिसकी उम्मीद किसी ने नहीं की थी। इन-फॉर्म शिवम दुबे को अचानक नंबर-4 पर प्रमोट कर दिया गया। गंभीर की यह ‘टेढ़ी चाल’ पूरी तरह काम कर गई। दुबे ने आते ही लेग स्पिनर्स के खिलाफ अपने लंबे छक्कों का नजारा पेश किया, जिससे इंग्लैंड का पूरा गेंदबाजी प्लान पटरी से उतर गया। नीदरलैंड्स के खिलाफ प्लेयर ऑफ द मैच रहे दुबे ने रशीद के मनोवैज्ञानिक दबाव को खत्म कर दिया।
मास्टरस्ट्रोक 2: तिलक वर्मा का नंबर-7 पर आना और वो 7 गेंदें!
पूरे टूर्नामेंट में नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने वाले युवा सनसनी तिलक वर्मा को अचानक नंबर-7 पर उतरते देख कमेंट्री बॉक्स से लेकर स्टैंड्स तक सब सन्न रह गए। कप्तान सूर्या और कोच गंभीर का यह ‘सरप्राइज एलिमेंट’ मैच का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। अंतिम ओवरों में तिलक ने महज 7 गेंदों पर तूफानी 21 रन कूट दिए। दिलचस्प बात यह है कि भारत ने यह मैच मात्र 7 रनों के अंतर से जीता, यानी तिलक की वो छोटी लेकिन आतिशी पारी ही हार और जीत के बीच की दीवार बन गई।
गंभीर की ‘शतरंज’ के आगे फेल हुए अंग्रेज, अब नजरें वर्ल्ड कप पर
सेमीफाइनल जैसे हाई-वोल्टेज मुकाबले में बैटिंग ऑर्डर के साथ इतना बड़ा जोखिम लेना हर किसी के बस की बात नहीं। लेकिन गंभीर-सूर्या की जोड़ी ने साबित कर दिया कि वे लीक से हटकर सोचने में माहिर हैं। पूर्व दिग्गज क्रिकेटरों ने भी इस रणनीति को ‘शतरंज की चाल’ करार दिया है। अब पूरे देश की नजरें 8 मार्च को होने वाले महामुकाबले पर टिकी हैं, जहाँ टीम इंडिया न्यूजीलैंड से अपना पुराना हिसाब चुकता कर विश्व विजेता बनने के इरादे से उतरेगी।
The News 11 – ताज़ा हिंदी समाचार, ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया
