बांग्लादेश पर हमले की कोशिश की तो… पाकिस्तान की गीदड़भभकी, शहबाज के करीबी नेता ने भारत को दी सीधी धमकी!

नई दिल्ली/इस्लामाबाद: दक्षिण एशिया के भू-राजनीतिक समीकरणों के बीच पाकिस्तान की ओर से एक बार फिर उकसावे वाला बयान सामने आया है। शेख हसीना के जाने के बाद मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व में बांग्लादेश के पाकिस्तान की ओर बढ़ते झुकाव के बीच, अब इस्लामाबाद से भारत को खुलेआम धमकी दी गई है। पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की पार्टी ‘पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज’ (PML-N) के कद्दावर नेता कामरान सईद उस्मानी ने एक विवादित वीडियो जारी कर कहा है कि यदि भारत ने बांग्लादेश की ओर आंख उठाकर भी देखा, तो पाकिस्तान की सेना और आवाम खामोश नहीं बैठेगी।

‘बांग्लादेश को कॉलोनी नहीं बनने देंगे’: उस्मानी का जहर

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में कामरान सईद उस्मानी पाकिस्तान और बांग्लादेश के झंडों के साथ नजर आ रहे हैं। उन्होंने बेहद तल्ख लहजे में कहा कि वह बांग्लादेश की मिट्टी और वहां के साहस को सलाम करते हैं। उस्मानी ने दावा किया कि साल 2021 में शुरू किया गया उनका अभियान अब रंग ला रहा है और आज ढाका व इस्लामाबाद एक साथ खड़े हैं। उन्होंने भारत पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा, “मैं बांग्लादेश को किसी देश की कॉलोनी नहीं बनने दूंगा और न ही वहां किसी की दादागिरी बर्दाश्त की जाएगी।”

मजहबी कार्ड खेलकर भारत पर लगाया आरोप

अपनी कट्टरपंथी सोच को हवा देते हुए उस्मानी ने इसे मजहबी रंग देने की भी कोशिश की। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत इस क्षेत्र में मुसलमानों को आपस में लड़ाने की साजिश रच रहा है। उस्मानी ने कहा, “भारतीय राजनेता जनता का खून चूसना चाहते हैं। कभी पानी रोककर तो कभी आंतरिक कलह पैदा कर बांग्लादेश पर दबाव बनाया जा रहा है, लेकिन अब मुसलमान नौजवान इन साजिशों को समझ चुका है।” उन्होंने बांग्लादेशी अवाम को भरोसा दिलाते हुए कहा कि पाकिस्तान का बच्चा-बच्चा उनके साथ खड़ा है।

मिसाइल हमले और जंग की चेतावनी

इस वीडियो संदेश में उस्मानी ने कूटनीतिक मर्यादाओं को ताक पर रखते हुए भारत को सीधे सैन्य कार्रवाई की धमकी दी। उन्होंने मई 2025 के कथित सीमा संघर्षों का जिक्र करते हुए शेखी बघारी और कहा, “अगर किसी ने बांग्लादेश की संप्रभुता पर हमला किया, तो पाकिस्तान की फौज और हमारे मिसाइल आपसे दूर नहीं हैं।” उन्होंने ‘ऑपरेशन बुनयान अल मरसूस’ का हवाला देते हुए दावा किया कि पाकिस्तान फिर से भारत को कड़ा सबक सिखाने के लिए तैयार है।

बदलते समीकरणों के बीच बढ़ता तनाव

विशेषज्ञों का मानना है कि बांग्लादेश में सत्ता परिवर्तन के बाद से ही पाकिस्तान वहां अपनी पैठ जमाने की कोशिश कर रहा है। जिस बांग्लादेश को भारत ने 1971 में पाकिस्तान के जुल्मों से आजाद कराया था, आज उसी देश के नाम पर पाकिस्तान भारत के खिलाफ जहर उगल रहा है। उस्मानी का यह बयान न केवल द्विपक्षीय संबंधों को बिगाड़ने वाला है, बल्कि दक्षिण एशिया में अस्थिरता पैदा करने की एक गहरी साजिश का हिस्सा नजर आता है।

Check Also

अमेरिका-ईरान डील का क्रेडिट लूटने चले पाकिस्तान की अंतरराष्ट्रीय फजीहत! ट्रंप ने ऑनलाइन साइन कर शहबाज-मुनीर के PR स्टंट की निकाली हवा

पेरिस/इस्लामाबाद: अमेरिका और इस्लामी गणराज्य ईरान के बीच पिछले 107 दिनों से चले आ रहे …