
लद्दाख के प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक (Sonam Wangchuk) पिछले 21 दिनों से NEET-UG परीक्षा में हुई धांधली और अनियमितताओं के खिलाफ दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण अनशन कर रहे थे। अब उनके इस आंदोलन को बॉलीवुड का भी बड़ा साथ मिल गया है। सुपरस्टार ऋतिक रोशन (Hrithik Roshan) ने सोशल मीडिया पर सोनम वांगचुक का एक बेहद भावुक वीडियो शेयर कर उनका खुला समर्थन किया है।
ऋतिक रोशन ने ‘सुपर 30’ के दिनों को किया याद
ऋतिक रोशन ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर सोनम वांगचुक का वीडियो साझा करते हुए लिखा, “यह बात बिल्कुल सच लगती है। जब मैंने अपनी फिल्म में एक टीचर का किरदार निभाया था, तब मुझे यह करीब से समझने का मौका मिला कि हमारे स्टूडेंट्स किस तरह के मानसिक तनाव और सदमे से गुजरते हैं।” आपको बता दें कि ऋतिक रोशन ने फिल्म ‘सुपर 30’ में गणितज्ञ आनंद कुमार का किरदार निभाया था, जो गरीब बच्चों को IIT की तैयारी कराते हैं।
’20 से ज्यादा छात्र जान दे चुके हैं, समाज कब जागेगा?’
ऋतिक रोशन द्वारा शेयर किए गए वीडियो में सोनम वांगचुक देश की शिक्षा व्यवस्था और पेपर लीक पर गंभीर सवाल उठाते नजर आ रहे हैं। वांगचुक भावुक होकर कहते हैं, “आखिर आप लोग कब जागेंगे? 20 से ज्यादा स्टूडेंट अपनी जान दे चुके हैं। बच्चे पूरी जिंदगी मेहनत करते हैं और अंत में पता चलता है कि पेपर लीक हो गया। अगर नकल करने वाले लोग पास होंगे, तो आगे चलकर यही हमारे बच्चों का इलाज करेंगे। यह पूरे समाज का नुकसान है।”
सोनम वांगचुक अस्पताल में भर्ती, बॉलीवुड से मिल रहा भारी समर्थन
सोनम वांगचुक की बिगड़ती सेहत के बीच सुबह उन्हें जंतर-मंतर से जबरन उठाकर दिल्ली के सफदरजंग हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जिसकी राजनीतिक गलियारों में भी कड़ी निंदा हो रही है। वांगचुक के इस आंदोलन को ऋतिक रोशन के अलावा जीनत अमान, स्वरा भास्कर, किरण राव, आमिर खान और अनुराग बसु जैसे कई बड़े फिल्मी सितारों का समर्थन मिल चुका है, जिन्होंने उनकी सेहत को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की है।
The News 11 – Hindustan Newspaper, ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया