FIFA World Cup 2026 Prize Money: वर्ल्ड कप चैंपियन पर बरसेगा पैसा, विजेता टीम को मिलेंगे ₹481 करोड़; देखें पूरी प्राइज मनी लिस्ट

फीफा वर्ल्ड कप 2026 (FIFA World Cup 2026) का खिताबी मुकाबला स्पेन और अर्जेंटीना के बीच खेला जाना है। भारतीय समयानुसार यह महामुकाबला 20 जुलाई की रात 12:30 बजे शुरू होगा। वर्ल्ड कप के इतिहास में यह पहला मौका है जब स्पेन और अर्जेंटीना की टीमें फाइनल में आमने-सामने होंगी। जहां एक तरफ 39 साल के महान फुटबॉलर लियोनेल मेसी होंगे, वहीं दूसरी तरफ 19 साल के युवा सनसनी लामीन यमाल अपनी चमक बिखेरेंगे। दुनिया के सबसे लोकप्रिय खेल के इस महाकुंभ में इस बार पैसों की भी जमकर बरसात होने वाली है।

₹83,866 करोड़ का रिकॉर्ड प्राइज पूल

फीफा ने इस साल टीमों की संख्या 32 से बढ़ाकर 48 कर दी थी, जिसके चलते प्राइज पूल में भी लगभग 50 प्रतिशत तक की भारी बढ़ोतरी की गई है। इस बार वर्ल्ड कप के लिए कुल 871 मिलियन डॉलर्स का रिकॉर्ड प्राइज पूल रखा गया है, जो भारतीय मुद्रा में करीब 83,866 करोड़ रुपये के बराबर है। इतनी बड़ी इनामी राशि के चलते इस बार खिलाड़ियों और टीमों पर किस्मत मेहरबान होने वाली है।

चैंपियन और उपविजेता को मिलेगी बंपर रकम

20 जुलाई को होने वाले फाइनल में जो भी टीम विश्व विजेता बनेगी, उस पर पैसों की बंपर बारिश होगी। फाइनल जीतने वाली चैंपियन टीम को 50 मिलियन डॉलर यानी करीब 481 करोड़ रुपये इनाम के तौर पर मिलेंगे। वहीं, उपविजेता (Runners-up) रहने वाली टीम को 33 मिलियन डॉलर (लगभग 317 करोड़ रुपये) दिए जाएंगे। तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों को भी क्रमशः 279 करोड़ रुपये और 259 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि मिलेगी।

  • चैंपियन: 50 मिलियन डॉलर (लगभग 481 करोड़ रुपये)

  • उपविजेता: 33 मिलियन डॉलर (लगभग 317 करोड़ रुपये)

  • तीसरा स्थान: 29 मिलियन डॉलर (लगभग 279 करोड़ रुपये)

  • चौथा स्थान: 27 मिलियन डॉलर (लगभग 259 करोड़ रुपये)

खाली हाथ नहीं लौटेगी कोई भी टीम

इस विश्व कप की खास बात यह है कि इसमें हिस्सा लेने वाली कोई भी टीम खाली हाथ घर नहीं लौटेगी। टूर्नामेंट की शुरुआत से पहले ही सभी 48 टीमों को तैयारी के लिए 2.5 मिलियन डॉलर दिए गए थे। इसके अलावा, ग्रुप स्टेज से बाहर होने वाली टीमों को भी कम से कम 10 मिलियन डॉलर (लगभग 96.2 करोड़ रुपये) का इनाम मिलना तय है।

क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय करने वाली लेकिन सेमीफाइनल में न पहुंच पाने वाली प्रत्येक टीम को 19 मिलियन डॉलर मिलेंगे। वहीं, 9वें से 16वें स्थान पर रहने वाली टीमों को 15 मिलियन डॉलर और 17वें से 32वें स्थान पर रहने वाली हर एक टीम को 11 मिलियन डॉलर की राशि प्रदान की जाएगी।

Check Also

7134 रन बनाने वाले और सचिन तेंदुलकर की कप्तानी में खेलने वाले इस दिग्गज क्रिकेटर पर लगा था सिलेक्टर्स को रिश्वत देने का गंभीर आरोप

भारतीय क्रिकेट इतिहास के पन्नों में कई ऐसे किस्से दर्ज हैं जिन्होंने खेल प्रेमियों को …