European T20 Premier League (ETPL): भारतीय क्रिकेट के दिग्गज और ‘द वॉल’ के नाम से मशहूर राहुल द्रविड़ अब एक नई भूमिका में नजर आने वाले हैं। द्रविड़ ने यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग (ETPL) के आगाज से पहले ‘डबलिन गार्डियंस’ (Dublin Guardians) फ्रेंचाइजी को खरीदकर सबको चौंका दिया है। सोमवार को आयरलैंड की राजधानी डबलिन में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में इस लीग की सभी 6 टीमों के मालिकों के नामों का आधिकारिक खुलासा किया गया। खास बात यह है कि द्रविड़ की इस टीम की कप्तानी भारत के स्टार ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन कर सकते हैं।
क्यों द्रविड़ ने चुनी यूरोपियन लीग?
इस निवेश के पीछे राहुल द्रविड़ ने एक बड़ा विजन साझा किया है। उन्होंने कहा, “ईटीपीएल का विजन मुझे काफी प्रभावित कर गया। आयरलैंड और पूरे यूरोप में जमीनी स्तर पर क्रिकेट को मजबूत करना और उभरते खिलाड़ियों के लिए नए रास्ते बनाना एक शानदार अवसर है। मैं यूरोप में क्रिकेट के विस्तार का हिस्सा बनकर उत्साहित हूं।”
अभिषेक बच्चन कर रहे हैं प्रमोट, दिखेंगे अंतरराष्ट्रीय सितारे
इस लीग को बॉलीवुड स्टार अभिषेक बच्चन प्रमोट कर रहे हैं और वह खुद भी इस कार्यक्रम का हिस्सा थे। ईटीपीएल को क्रिकेट आयरलैंड, क्रिकेट स्कॉटलैंड और रॉयल डच क्रिकेट एसोसिएशन ने संयुक्त रूप से लॉन्च किया है। इस लीग में दुनिया भर के दिग्गज खिलाड़ी जैसे ग्लेन मैक्सवेल, फाफ डुप्लेसी, मिचेल मार्श, लियाम लिविंगस्टोन और हेनरिक क्लासेन चौके-छक्के लगाते नजर आएंगे।
ETPL की 6 टीमें और उनके दिग्गजों की फौज
इस लीग की सबसे अनोखी बात यह है कि इसके फ्रेंचाइजी मालिकों में राहुल द्रविड़ के अलावा क्रिस गेल, स्टीव वॉ और जोंटी रोड्स जैसे क्रिकेट इतिहास के सबसे बड़े नाम शामिल हैं।
The News 11 – ताज़ा हिंदी समाचार, ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया