सुबह खाली पेट पिएं मुलेठी का पानी, सेहत को मिलेंगे गज़ब के फायदे; लेकिन जान लें ये जरूरी नुकसान भी

रसोई के मसालों और जड़ी-बूटियों में सेहत का एक अनमोल खजाना छिपा होता है। अजवाइन, जीरा और सौंफ के पानी के फायदों के बारे में तो आपने अक्सर सुना होगा, लेकिन क्या कभी ‘मुलेठी के पानी’ (Mulethi Water) का सेवन किया है? स्वाद में हल्की मीठी और दिखने में एक छोटी सी लकड़ी जैसी दिखने वाली मुलेठी सर्दी-खांसी में तो रामवाण मानी ही जाती है, लेकिन इसका पानी पीना सेहत के लिए और भी कई मायनों में चमत्कारी साबित हो सकता है।

आयुर्वेदिक डॉक्टर उपासना वोहरा ने मुलेठी का पानी पीने के फायदों और इससे जुड़े संभावित नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी है। आइए जानते हैं कि यह सेहत पर कैसा असर डालती है।

मुलेठी क्या है?

फायदे और नुकसान जानने से पहले यह समझना जरूरी है कि मुलेठी आखिर है क्या? मुलेठी एक प्राचीन आयुर्वेदिक जड़ी-बूटी है, जिसका उपयोग सदियों से औषधीय रूप में किया जाता रहा है। इसमें मुख्य रूप से इसकी जड़ का उपयोग किया जाता है, जिसमें कई नेचुरल और औषधीय तत्व पाए जाते हैं। लोग इसका उपयोग पाउडर, चाय या काड़े के रूप में करते हैं।

मुलेठी का पानी पीने के जबरदस्त फायदे

डॉ. उपासना वोहरा के अनुसार, मुलेठी के पानी का सही मात्रा में सेवन करने से शरीर को कई बेहतरीन लाभ मिलते हैं:

  1. पाचन तंत्र के लिए वरदान: मुलेठी का पानी पीने से पेट से जुड़ी समस्याएं जैसे गैस, एसिडिटी और पेट फूलना (Bloating) काफी हद तक कम हो जाती है। यह आंतों की प्राकृतिक सफाई के लिए भी बहुत फायदेमंद माना जाता है, जिससे पेट तंदरुस्त रहता है।

  2. इम्यूनिटी बूस्टर और एलर्जी से राहत: मुलेठी को सर्दी-खांसी का दुश्मन कहा जाता है। बदलते मौसम या मानसून में यह इम्यूनिटी को बूस्ट करती है। यदि आपको सुबह उठकर छींक आने या धूल से एलर्जी की समस्या है, तो मुलेठी के पाउडर में थोड़ा घी मिलाकर इसे पतला कर नाक के अंदर लगा सकते हैं, जिससे एलर्जी में राहत मिलती है।

  3. तनाव (Stress) करता है दूर: मुलेठी में मौजूद खास गुण शरीर में कोर्टिसोल (Cortisol) के स्तर को नियंत्रित करने में मदद करते हैं, जिससे तनाव कम होता है।

  4. त्वचा के लिए फायदेमंद: मुलेठी का पानी पीने से स्किन अंदर से डिटॉक्स होती है, जिससे चेहरा खिला-खिला और साफ नजर आता है। इसके अलावा, इसके पाउडर में शहद मिलाकर फेस पैक लगाने से दाग-धब्बे भी दूर होते हैं।

मुलेठी का पानी पीने के नुकसान और सावधानियां

हर जड़ी-बूटी की तरह मुलेठी की तासीर भी खास होती है। चूंकि इसकी तासीर ठंडी होती है, इसलिए इसका अत्यधिक या गलत इस्तेमाल नुकसानदेह साबित हो सकता है:

  • हाई ब्लड प्रेशर का खतरा: डॉक्टर 4 हफ्ते से ज्यादा लगातार मुलेठी का पानी पीने की सलाह नहीं देते और एक दिन में 10 ग्राम से ज्यादा मुलेठी पाउडर का सेवन नहीं करना चाहिए। ज्यादा सेवन से शरीर में सोडियम की मात्रा बढ़ सकती है, जिससे हाई बीपी (High BP) की समस्या हो सकती है।

  • सूजन और जोड़ों में दर्द: मुलेठी का पानी अधिक मात्रा में पीने से शरीर में फ्लूइड रिटेंशन (पानी का जमा होना) हो सकता है, जिससे शरीर में सूजन और जोड़ों में दर्द का खतरा बढ़ जाता है।

  • पाचन बिगड़ना: जरूरत से ज्यादा मात्रा में इसका सेवन करने से पाचन तंत्र पर बुरा असर पड़ सकता है।

  • गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं के लिए वर्जित: प्रेग्नेंट महिलाओं या ब्रेस्टफीडिंग कराने वाली माताओं को मुलेठी पाउडर या इसका पानी पीने से पूरी तरह बचना चाहिए।

मुलेठी का पानी बनाने का सही तरीका

बाजार में मिलने वाले मुलेठी पाउडर (या मुलेठी की लकड़ी से तैयार पाउडर) का इस्तेमाल किया जा सकता है।

  • बनाने की विधि: सुबह एक गिलास गुनगुने पानी में लगभग 10 ग्राम मुलेठी का पाउडर अच्छी तरह मिलाएं और खाली पेट इसका सेवन करें।

Check Also

क्या बढ़ता हुआ मोटापा सचमुच छीन रहा है आपकी जिंदगी के 10 साल? नई मेडिकल रिसर्च में चौंकाने वाला खुलासा

आज की तेज रफ्तार और भागदौड़ भरी जिंदगी में मोटापा (Obesity) केवल शारीरिक सुंदरता या …